विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कुछ भी हो सकता है...', कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर क्या बोले बोले सचिन पायलट?

Published: Thu, 15 Oct 2026 11:10 AM (IST)

सचिन पायलट ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है, कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है।

कैप्टन अमरिंदर सिंह और सचिन पायलट

कैप्टन अमरिंदर सिंह और सचिन पायलट

HighLights

  1. सचिन पायलट ने कैप्टन की वापसी पर 'कुछ भी संभव' कहा

  2. पायलट ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को ऊंचे कद का बताया

  3. कैप्टन ने हाल ही में अपनी पार्टी भाजपा की आलोचना की थी

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में आने की अटकलों पर कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने कैप्टन की वापसी पर कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है। समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बात करते हुए पायलट ने कैप्टन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब की बहुत अच्छी सेवा की है और वे बहुत ऊंचे कद के व्यक्ति हैं।

हालांकि, पायलट ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सिंह से व्यक्तिगत रूप से इस बारे में कोई बात नहीं की है कि किसी पार्टी में शामिल होने या उसे छोड़ने को लेकर उनकी आगे की क्या योजनाएं हैं।

बीजेपी को लेकर क्या बोले थे कैप्टन?

बता दें कि पायलट की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब सिंह ने हाल ही में अपनी पार्टी भाजपा के खिलाफ आलोचनात्मक बयान दिए हैं और वे इस पार्टी से नाराज भी लग रहे हैं।

भाजपा के खिलाफ सिंह की तीखी टिप्पणियों और उनके कांग्रेस में लौटने की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर पायलट ने कहा कि जहां तक कैप्टन साहब की बात है, मैं उन्हें तब से जानता हूं जब मैं बहुत छोटा था। मैंने उनके साथ काफी करीब से काम किया है। व्यक्तिगत तौर पर, इस मुद्दे पर मेरी उनसे कोई बातचीत नहीं हुई है। लेकिन जैसा कि कहा जाता है, राजनीति में 'कुछ भी हो सकता है'।

कैप्टन को बताया ऊंचे कद का व्यक्ति

सचिन पायलट ने कहा कि उन्होंने पंजाब की बहुत अच्छी सेवा की है। वे निश्चित रूप से एक बहुत ऊंचे कद के व्यक्ति हैं। भाजपा ने उनके साथ कैसा बर्ताव किया है, यह मुझे नहीं पता।

पिछले महीने कैप्टन ने पंजाब के मामलों पर भाजपा द्वारा उनसे सलाह न लिए जाने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। सिंह ने कहा था कि पंजाब के बारे में उनकी जो राय है, उसे अपनी पार्टी (BJP) को बताना उनका कर्तव्य है, और इसका मतलब यह नहीं है कि वह पार्टी छोड़ रहे हैं। सिंह ने यह भी कहा था कि वह "मुश्किल दौर" से गुजर रहे हैं, लेकिन उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया।

उनके कांग्रेस में वापस लौटने की अटकलें अगस्त में तब शुरू हुईं, जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी' सेशन के दौरान, बीजेपी से जुड़े नेताओं में से उन्हें अपना पसंदीदा नेता बताया।

गांधी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा था कि गांधी परिवार के साथ उनके निजी संबंध हमेशा बने रहेंगे, लेकिन राजनीतिक रूप से वह बीजेपी के लिए प्रतिबद्ध हैं।