चंडीगढ़ पहुंचीं भारत में रोमानिया की राजदूत सेना लतीफ, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से की मुलाकात
भारत में रोमानिया की राजदूत सेना लतीफ ने चंडीगढ़ में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस ...और पढ़ें

भारत में रोमानिया की राजदूत सेना लतीफ ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की।
HighLights
पंजाब लोकभवन में हुई शिष्टाचार भेंट,
मैत्रीपूर्ण संबंधों और सहयोग पर चर्चा।
सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। भारत में रोमानिया की राजदूत सेना लतीफ सोमवार को चंडीगढ़ दौरे पर पहुंचीं। यहां उन्होंने पंजाब लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों, आपसी सहयोग और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
राजभवन के अधिकारियों के अनुसार, बातचीत के दौरान कटारिया और सेना लतीफ ने दोनों देशों के ऐतिहासिक और मजबूत रिश्तों का जिक्र किया। इस बात पर सहमति जताई गई कि दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं।
मुख्य रूप से शिक्षा, संस्कृति, व्यापार, निवेश और तकनीक के क्षेत्र में परस्पर सहयोग के अवसरों पर विचार-विमर्श हुआ। राज्यपाल ने कहा कि भारत और रोमानिया के बीच संबंध हमेशा से सौहार्दपूर्ण रहे हैं और इन्हें और अधिक प्रगाढ़ बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
कटारिया ने चंडीगढ़ और पंजाब में निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ एक सुनियोजित और प्रगतिशील शहर है, जहां शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग की काफी गुंजाइश है।
राजदूत सेना लतीफ ने भी भारत के साथ अपने देश के संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि रोमानिया भारत के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को बहुत महत्व देता है और आने वाले समय में दोनों देशों के बीच सहयोग के नए आयाम स्थापित होंगे।मुलाकात के अंत में दोनों ने एक-दूसरे के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के संवाद को जारी रखने पर सहमति जताई।
