चार-पांच घंटे की बारिश में ही सड़कें बनी तालाब, ट्रैफिक जाम
सात बजे शुरू हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : शहर में वीरवार सुबह सात बजे शुरू हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। प्रीमानसून की पहली बारिश में ही प्रशासन की निकासी के दावों की पोल खुल गई। चार-पांच घंटे की बारिश से सड़कें तालाब बनी नजर आई और जगह-जगह ट्रैफिक जाम लगा। तापमान में नौ डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली। मौसम सुहाना होने के साथ ही लोगों को थोड़ी ठंडक का भी अहसास हुआ। वहीं, जगह-जगह पानी इकट्ठा होने से परेशानी का भी सामना करना पड़ा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अभी बारिश रविवार तक होगी। बताया कि शनिवार और रविवार को इससे भी तेज बारिश होने की उम्मीद है। दोपहर दो बजे के बाद धूप देखने को मिली लेकिन शाम को आसमान में हल्के बादल छा गए। सुखना लेक, शहर के पार्को और बाजारों की रौनक एक बार फिर से देखने को मिली। शहर में शाम साढ़े छह बजे तक 29 एमएम और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 11.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। रोड-गलियों के मैनहोल हुए ब्लॉक
प्री मानसून की बारिश ने ही नगर निगम के निकासी के दावों की हवा निकाल दी। शहर में जगह-जगह बारिश का पानी जमा हो गया। सड़कों और गलियों के मैनहोल ब्लॉक हो गए जिस वजह से जलभराव हुआ और सड़कों पर जाम की स्थिति देखने को मिली। वहीं राजभवन की तरफ जाने वाली सेक्टर-9/5 की डिवाइडिग रोड पर साइकिल ट्रैक भी धंस गया। गौरतलब है कि दैनिक जागरण ने भी 26 जून के अंक में पूरे ट्राईसिटी में रोड-गलियों की सफाई पर मुद्दा उठाया था। जिसमें जलभराव का अंदेशा जताया गया था। अधिकतम तापमान ने पिछले दस सालों का तोड़ा रिकॉर्ड
शहर के तापमान में बारिश के बाद नौ डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली तो वहीं अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री रहा जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम के साथ 25.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो मानसून भले ही इस बार देरी से आ रहा है लेकिन प्री मानसून की पहली बारिश ने ही तापमान का पिछले दस सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वर्ष अधिकतम तापमान (डिग्री में)
2018 36.9
2017 37.5
2016 38.4
2015 38.5
2014 39
2013 36.6
2012 42.5
2011 36
2010 38.4
2009 39.4
आंकडे़ जुलाई के अलग-अलग दिनों के हैं। इससे ज्यादा तापमान पूरे माह में नहीं हुआ। वीरवार को शहर में प्री मानसून दस्तक दे चुका है। बारिश अच्छी हुई। शनिवार और रविवार को इससे भी तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं शहर में दस या बारह जुलाई के बाद मानसून पहुंच जाएगा, जिससे शहर में अच्छी बारिश होगी। इससे लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी।
सुरेंद्रपाल शर्मा, निदेशक, मौसम विभाग, चंडीगढ़