पंजाब में बारिश ने स्मॉग से दी राहत, अभी दो दिन और संभावना
पंजाब में बारिश से स्माॅग से लाेगों को राहत मिली है। कई दिनों से स्मॉग ने लोगाें को परेशान कर रखा है। बारिश से ठंड बढ़ गई है। राज्य में अभी दाे दिन और बारिश की संभावना है।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब में बारिश से पिछले कई दिनों जारी स्मॉग से लाेगों को राहत मिली है। बारिश से ठंड भी बढ़ गई है। प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात और वीरवार सुबह बारिश ने स्मॉग काे खत्म किया है। दूसरी ओर, अनाजमंडियों में रखे धान के भीग जाने से किसान परेशान हैं।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक बारिश की संभावना जताई है। राज्य में पिछले कई दिनों से घने स्मॉग से लोगों को भारी परेशानी हो रही थी। इस वजह से सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हाे रहा था। घने कोहरे के कारण पिछले कई दिनों में कई सड़क हादसे हुए और इनमें कई लोगों की जान चली गई। बुधवार और वीरवार को प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर बारिश हुई।
जालंधर, लुधियाना, मोगा, संगरूर और बरनाला सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई है। इससे स्मॉग से मुक्ति मिलने के साथ ही ठंड बढ़ गई है। दूसरी ओर,बारिश की वजह से मंडियों में रखी धान की फसल भीग गई। बरनाला में मंडियों में रखी धान की सैकड़ों बोरियां भीग गईं। संगरूर जिले के खरीद केंद्रों में पड़ी करीब 20 हजार धान की बोरियां गीली हो गईं। मंडी गोबिंदगढ़ में भी थोड़े समय के लिए बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे मंडियों में ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा।
मुक्तसर साहिब की अनाज मंडी में शेड के बाहर पड़ा करीब 50 क्विंटल धान भीग गया। किसान मंडी के प्रबंधों से नाखुश नजर आए। फिरोजपुर और फाजिल्का की मंडियों में भी सरकारी एजेंसियों की तरफ से खरीदा गया हजारों की मीट्रिक टन धान बोरियों में भीग गया है। इससे किसानों का फसल बिकने का इंतजार और बढ़ गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिन और बारिश हो सकती है। 16 व 17 नवंबर को भी बारिश की संभावना है। इससे राज्य में ठंड अौर बढ़ जाएगी। दूसरी ओर, कृषि विज्ञानियों का कहना है कि इस बारिश से आगामी गेहूं और आलू की फसल को फायदा होगा।
बिजली गिरने से मौत
मानसा के गांव माखा में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसकी चपेट में आने से उसका एक रिश्तेदारर झुलस गया। उसे सिविल अस्पताल मानसा में दाखिल करवाया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। गांव माखा का सिकंदर सिंह बुधवार शाम को अपने मौसा राजा सिंह के साथ खेत में काम करने गया था। इस दौरान बिजली उन पर आ गिरी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी का भांजा सिकंदर सिंह जख्मी हो गया।