आज पंजाब में किसानों के संघर्ष को ट्रैक्टर चलाकर रफ्तार देंगे राहुल गांधी, शुरू करेंगे ट्रैक्टर यात्रा
कांग्रेस के पूूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज पंजाब में किसानोें के संघर्ष को गति देंगे। राहुल गांधी आज माेगा के बदनी कलां से ट्रैक्टर यात्रा शुरू करेंगे। राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा तीन दिन पंजाब में रहेेगी और इसके बाद हरियाणा में प्रवेश करेगी।
चंडीगढ़/माेगा, जेएनएन। नए कृषि कानूनों खिलाफ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ट्रैक्टर यात्रा से आज पंजाब के किसानों के संघर्ष को रफ्तार देंगे। राहुल तीन दिन के लिए पंजाब में रहेंगे और पांच जिलों की संपर्क सड़कों पर करीब 52 किलोमीटर ट्रैक्टर चलाएंगे। ट्रैक्टर यात्रा निकालने के अलावा रैलियां भी करेंगे। राहुल, ट्रैक्टर मार्च के जरिए न केवल पंजाब में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की दिशा तय करेंगे बल्कि किसानों को यह संदेश देंगे कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई में सक्षम है। राहुल के रैली की शुरूआत माेगा के बदनी कलां से करेंगे। बदनी कलां में रैली स्थल पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ पहुंच गए हैं। रैली स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
तीन दिन पंजाब में रहेंगे राहुल गांधी, 5000 ट्रैक्टरों के काफिले का करेंगे नेतृत्व
किसानों के मुद्दों को धार देने के लिए कांग्रेस ने जिला मोगा का चुनाव किया है, इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि पंजाब में जब भी कोई बड़ा संघर्ष शुरू हुआ है तो उसकी शुरूआत मोगा से हुई है। चाहे अकाली दल की ओर से 1996 में पंथक से धर्मनिरपेक्ष पार्टी की तरफ कदम बढ़ाने का मामला हो या 2019 में राहुल गांधी की ओर से पंजाब में लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरूआत की बात, इनकी शुरुआत मोगा से ही हुई है।
इसी टैक्टर में यात्रा करेंगे राहुल गांधी।
नए कृषि कानूनों के विरोध से 2022 के विधानसभा चुनाव की दिशा तय करने की तैयारी
कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि मोगा के बदनी कलां से ट्रैक्टर मार्च की शुरूआत की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राहुल गांधी 5000 ट्रैक्टरों से मार्च का नेतृत्व करेंगे। जैसे-जैसे काफिला आगे बढ़ेगा ट्रैक्टरों की संख्या भी बढ़ती जाएगी। खास बात यह है कि राहुल गांधी विशुद्ध ग्रामीण इलाकों में ट्रैक्टर लेकर निकलेंगे। ये वे सड़कें हैं जिनका निर्माण और देखरेख मंडी बोर्ड करता है।
नए कृषि कानून के लागू होने से पंजाब सरकार मंडी बोर्ड को मिलने वाले 4000 करोड़ रुपये के राजस्व के बंद होने का अंदेशा जता चुकी है। किसानों ने अब तक राजनीतिक दलों को अपने संघर्ष से दूर रखा है, यही कारण है कि राहुल खुद किसानों तक पहुंच करने की कोशिश करेंगे। सुरक्षा कारणों को दरकिनार करते हुए राहुल गांधी खुले ट्रैक्टर से ही अपनी यात्रा की शुरूआत करेंगे। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी होंगे।
बदनी कलां में टैक्टर यात्रा के लिए सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मी।
राहुल गांधी के इस पंजाब दौरे की एक खास बात यह भी है कि उनके ट्रैक्टर मार्च का सारा फोकस ही मालवा पर रखा गया है। मालवा की धरती किसानी का सबसे बड़ा गढ़ है और यहां विधानसभा की 67 सीटें है। राहुल अपने दौरे के दौरान 4 अक्टूबर की रात संगरूर और 5 अक्टूबर की रात पटियाला में रुकेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को राहुल का मार्च जिला पटियाला से हरियाणा में प्रवेश कर जाएगा। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि नए कृषि कानूनों को लेकर पूरे देश के किसानों की नजर अन्न के कटोरे पंजाब की तरफ है।
बदनी कलां में रैली स्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेता।
सरपंचों को मनाने में जुटी सरकार
राहुल गांधी की ट्रैक्टर मार्च से पहले कांग्रेस सरकार सरपंचों को मनाने में जुटी हुई है। क्योंकि किसान संगठन अपने संघर्ष में किसी भी राजनीतिक नेता को शामिल नहीं होने दे रहे। क्योंकि राहुल गांधी खुद ही ट्रैक्टर लेकर गांवों का रुख करेंगे, इसलिए पंजाब सरकार चाहती है कि गांवों के सरपंच और किसान जरूर उस रास्ते पर हों जहां से राहुल गुजरेंगे। जिससे राहुल के सामने पंजाब सरकार की सकारात्मक छवि बन सके।