बच्चे का इलाज करवाने अस्पताल आई महिला का पर्स छीनकर युवक फरार
सेक्टर-22 स्थित सिविल अस्पताल के सामने दिनदहाड़े महिला से एक युवक पर्स छीनकर फरार हो गया। महिला के पर्स में दो हजार कैश, मोबाइल और दस्तावेज थे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़: सेक्टर-22 स्थित सिविल अस्पताल के सामने दिनदहाड़े महिला से एक युवक पर्स छीनकर फरार हो गया। महिला के पर्स में दो हजार कैश, मोबाइल और दस्तावेज थे। वारदात के समय महिला जुझार नगर से अपने बच्चे का चेकअप करवाने आई थी। महिला की शिकायत पर संबंधित सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जुझार नगर निवासी अर्चना ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है कि मंगलवार को वह 10 बजे के आसपास सेक्टर-22 के सिविल अस्पताल में अपने बच्चे को चेकअप करवाने लेकर आई थी। चेकअप के बाद करीब 10.40 बजे अस्पताल के बाहर खड़ी थी कि अचानक सामने से पैदल आ रहे युवक ने उनका पर्स छीन लिया। महिला के शोर मचाने से पहले आरोपित युवक मेन मार्केट के अंदर से फरार हो गया। पीड़ित महिला के अनुसार आरोपित की उम्र लगभग 20 साल लग रही थी। उसने सफेद टी-शर्ट और जींस पहन रखा था। इसके इस मामले की सूचना साथ खड़े व्यक्तिके मोबाइल से पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तुरंत महिला के बयान को आधार बनाकर मार्केट एरिया में और साथ के पार्क एरिया में सर्च चलाया। हालांकि, आरोपित के बारे में कोई सुराग हाथ नही लगा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ स्नैचिंग का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपित के मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि शहर में छीना झपटी के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। लोगों को कहना है कि अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थान पर अगर ऐसी वारदातें होने लग पड़ी हैं, तो सुनसान जगहों से लोगों का गुजरना मुश्किल हो जाएगा।