पंजाब में शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ, जल्द जारी होगा विज्ञापन; वित्त मंत्री चीमा ने दिए निर्देश
पंजाब में नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसके लिए जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा। वित्त मंत्री ...और पढ़ें

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा (फाइल फोटो)
HighLights
पंजाब में नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू, विज्ञापन जल्द जारी
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने शिक्षा यूनियनों से की बैठक
अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए
डॉ.सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। भगवंत मान सरकार ने नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है और शिक्षा विभाग की ओर से जल्द ही पदों पर आवेदन आमंत्रित करने के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षा क्षेत्र की दस यूनियनों और बिजली विभाग के थर्मल प्लांट कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी।
कर्मचारी मुद्दों के समाधान के लिए गठित कैबिनेट उपसमिति के अध्यक्ष चीमा ने यूनियन प्रतिनिधियों की मांगें सुनीं और कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज समस्याओं का जल्द और सहानुभूतिपूर्वक समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिक्षा विभाग से जुड़ी यूनियनों ने मुख्य रूप से नई भर्ती, तबादलों और वेतन ढांचे में संशोधन से संबंधित मांगें उठाईं।।चीमा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षक भर्ती से संबंधित सभी जरूरी प्रक्रियाएं बिना देरी पूरी की जाएं।
जिन मामलों में कैबिनेट की मंजूरी जरूरी है, उन्हें भी तेजी से सरकार के समक्ष भेजने को कहा गया है। भर्ती के लंबित मामलों पर भी होगी संयुक्त बैठक भर्ती से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए वित्त मंत्री ने शिक्षा विभाग को सामाजिक सुरक्षा, खेल, रक्षा सेवाएं कल्याण और कार्मिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक करने के निर्देश दिए।
इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच लंबित मामलों का जल्द समाधान निकालना है। बैठक में बेरोजगार विशेष शिक्षा शिक्षक मोर्चा, विशेष कैडर शिक्षक मोर्चा, हेड मास्टर एसोसिएशन, सरकारी स्कूल प्रयोगशाला स्टाफ यूनियन, ईटीटी टीईटी पास 5994 बैकलॉग अध्यापक यूनियन, दफ्तरी कर्मचारी यूनियन, कंप्यूटर शिक्षक यूनियन, संयुक्त शारीरिक शिक्षा संगठन, बेरोजगार बीएड टीईटी पास अध्यापक यूनियन और एनएसक्यूएफ व्यावसायिक शिक्षक मोर्चा सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
वहीं, थर्मल प्लांट कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ अलग बैठक में चीमा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को कर्मचारियों की जायज मांगों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
