रक्तदान में पंजाब देशभर में तीसरे स्थान पर, दिल्ली में किया गया सम्मानित
केंद्र सरकार के ई-रक्तकोष पोर्टल के 2025 के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब ने प्रति 10 लाख आबादी पर स्वैच्छिक रक्तदान में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

पंजाब ने स्वैच्छिक रक्तदान में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया।
HighLights
पंजाब ने स्वैच्छिक रक्तदान में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया
ई-रक्तकोष पोर्टल के 2025 आंकड़ों के अनुसार यह उपलब्धि दर्ज हुई
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस 2026 पर राज्य को सम्मानित किया गया
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। केंद्र सरकार के ‘ई-रक्तकोष’ पोर्टल पर दर्ज वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार पंजाब ने प्रति 10 लाख आबादी पर स्वैच्छिक रक्तदान के मामले में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने इस नेक मानवीय भावना को पंजाबियों की निस्वार्थ सेवा और संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।
नई दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कालेज के स्वर्ण जयंती आडिटोरियम में आयोजित ‘राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस’ (एनवीबीडीडी)-2026 के समारोह के दौरान राज्य को आधिकारिक तौर पर सम्मानित किया गया।
इस समारोह में नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. एम श्रीनिवास ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के महानिदेशक डॉ. लवनीश जी कृष्णा और एलएचएमसी की निदेशक डॉ. हिमानी आहलूवालिया भी उपस्थित थीं।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान लोगों के सहयोग से आयोजित 6,583 रक्तदान शिविरों के माध्यम से पूरे पंजाब में कुल 5,44,167 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। राज्य में एकत्रित कुल रक्त का 92 प्रतिशत हिस्सा स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से प्राप्त हुआ, जबकि सरकारी रक्त केंद्रों में यह योगदान 99.6 प्रतिशत रहा।
राष्ट्रीय सम्मान समारोह में पंजाब का प्रतिनिधित्व डॉ. सुनीता देवी (संयुक्त निदेशक, बीटीएस-कम-लैब सेवाएं, पीएसएसीएस), पंकज कुमारी (उप निदेशक, लैब सेवाएं, पीएसएसीएस), डॉ. केतकी शर्मा (सहायक निदेशक, वीबीडी, बीटीएस, पीएसबीटीसी) और अमृत राज (कार्यालय सहायक, पीएसबीटीसी) ने किया तथा राज्य की ओर से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया।
