विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता, जग्गू भगवानपुरिया गैंग का साथी अमृतपाल मोल्दोवा से डिपोर्ट

By Rohit KumarEdited By: Prince Sharma
Published: Sat, 12 Sep 2026 09:38 AM (IST)Updated: Sat, 12 Sep 2026 09:52 AM (IST)

पंजाब पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग के अहम गुर्गे अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम को मोल्दोवा से प्रत्यर्पित कर भारत लाया है।

HighLights

  1. जग्गू भगवानपुरिया गैंग का गुर्गा अमृतपाल मोल्दोवा से प्रत्यर्पित।

  2. पंजाब पुलिस का यूरोपीय देश से पहला सफल प्रत्यर्पण।

  3. छह महीने के 'ऑपरेशन ईस्टर्न रीच' के बाद मिली सफलता।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। विदेश में छिपकर पंजाब में संगठित अपराध का नेटवर्क चला रहे गैंगस्टरों के खिलाफ पंजाब पुलिस ने बड़ी अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की है।

जग्गू भगवानपुरिया गैंग के अहम गुर्गे अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम को मोल्दोवा से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है।

हत्या, हत्या के प्रयास, गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए), आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थों से जुड़े कई मामलों में वांछित अमृतपाल की गिरफ्तारी को पंजाब पुलिस ने बड़ी उपलब्धि बताया है।

खास बात यह है कि पंजाब पुलिस ने पहली बार किसी यूरोपीय देश से किसी वांछित अपराधी का सफल प्रत्यर्पण कराया है।

छह महीने से चल रहा था ऑपरेशन

अमृतपाल को भारत लाने के लिए पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) ने छह महीने तक खुफिया सूचनाओं के आधार पर ऑपरेशन ईस्टर्न रीच चलाया।

इस दौरान विदेश में उसकी गतिविधियों और ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी गई। केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय साझेदार एजेंसियों के साथ समन्वय के बाद मोल्दोवा में उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली और उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत भारत लाने की कार्रवाई शुरू की गई।

14 से ज्यादा वांछित अपराधी विदेश से लाए

पंजाब पुलिस पिछले कुछ समय से विदेश में छिपे गैंगस्टरों और अन्य वांछित अपराधियों को वापस लाने पर विशेष जोर दे रही है। पुलिस की कार्रवाई में अब तक 14 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेश से वापस लाकर कानून के शिकंजे में लाया जा चुका है।

पुलिस का मानना है कि विदेश में बैठकर पंजाब में आपराधिक नेटवर्क चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल बेहद महत्वपूर्ण है।

मोल्दोवा और अजरबैजान के अधिकारियों का सहयोग

पंजाब पुलिस ने इस कार्रवाई में सहयोग के लिए मोल्दोवा और अजरबैजान के अधिकारियों का आभार जताया है।

इसके अलावा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के इंटरनेशनल पुलिस कोऑपरेशन यूनिट (आईपीसीयू), गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग एजेंसियों के बीच सूचनाओं के लगातार आदान-प्रदान और समन्वय से अमृतपाल तक पहुंचने में सफलता मिली।

विदेश में छिपे अपराधियों को संदेश

पंजाब पुलिस का कहना है कि अपराधी पंजाब से निकलकर विदेश में कहीं भी छिप जाएं, उन्हें कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित अपराधियों की पहचान, निगरानी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

मोल्दोवा से अमृतपाल का प्रत्यर्पण इसी रणनीति का हिस्सा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई में विदेश में बैठे अपराधियों और उनके नेटवर्क पर भी शिकंजा जारी रहेगा।