यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab News: चंडीगढ़ में सीएम आवास के पास मिला मोर्टार बम, पुलिस ने एरिया किया सील
पंजाब-हरियाणा के मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही दूर नयागांव-कांसल टी-प्वाइंट के पास मोर्टार बम मिलने से हड़कंप की स्थिति उत्पन्न ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़: पंजाब-हरियाणा के मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही दूरी पर नयागांव-कांसल टी-प्वाइंट के पास सोमवार दोपहर मोर्टार बम मिलने से हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिस स्थान पर बम मिला वह सीएम के हेलीपैड से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है।
गौरतलब है कि बीते सप्ताह ही पंजाब में आतंकी हमले की संभावना को लेकर मिले खुफिया इनपुट के आधार पर पूरे प्रदेश में अलर्ट घोषित किया गया था। इसी बीच राजधानी चंडीगढ़ में मोर्टार बम मिलने के बाद पंजाब और चंडीगढ़ की पुलिस और सतर्क हो गई है। चंडीगढ़ पुलिस ने दावा किया है कि शहर की सुरक्षा-कड़ी कर दी गई है। बम यहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच की जा रही है।
ट्यूबेल आपरेटर ने दी सूचना
शहर के सेक्टर-2 में पंजाब-हरियाणा के सीएम आवास स्थित हैं। यहां मोर्टार बम मिलने की सूचना के तत्काल बाद चंडीगढ़ और मोहाली पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बम स्क्वाड और आपदा प्रबंधन की टीम ने बम को ढक दिया। पुलिस ने एरिया को सील कर दिया है।
आपदा प्रबंधन की टीम के संजीव कोहली ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम में दोपहर 2.58 बजे सरकारी ट्यूबेल के आपरेटर ने सूचना दी। पता चला कि नयागांव-कांसल रोड के टी-प्वाइंट पर बमनुमा संदिग्ध वस्तु पड़ी है। मौके पर डीएसपी सेंट्रल गुरमुख सिंह, थाना प्रभारी नयागांव, पंजाब सीएम सिक्योरिटी में तैनात एडीजीपी एके पांडेय, एसएसपी मनीषा चौधरी व एसपी सिटी श्रुति अरोड़ा भी मौके पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया।
विधानसभा, हाई कोर्ट से केवल 2 किमी. दूर
राजिंदरा पार्क के पास जिस स्थान पर बम मिला उसके करीब स्थित हेलीपैड पर पंजाब और हरियाणा के सीएम के हेलीकाप्टर उतरते हैं। गौरतलब है कि इस एरिया से करीब दो किलोमीटर दायरे में ही पंजाब और हरियाणा की विधानसभा, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट और सचिवालय तथा मंत्रियों के आवास हैं।
फाइबर ड्रम और मिट्टी से भरे बैग से ढका बम
सेक्टर-11 स्थित फायर स्टेशन से मौके पर पहुंचे अमरजीत सिंह ने बताया कि बम सक्रिय हालत में है। उसे फाइबर के ड्रम में रखा गया है। सुरक्षा के लिहाज से बम के चारों तरफ मिट्टी से भरे बैग भी रख दिए गए हैं।
बम को कब्जे में लेगी सेना चंडीगढ़ पुलिस के आधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को पंचकूला के चंडीमंदिर से सेना के जवान आएंगे और बम को कब्जे में लेंगे। सेना जांच करेगी कि बम की मारक क्षमता कितनी है और यह कितना घातक है। वहीं, पुलिस इस जांच में जुटी है कि बम इतना संवेदनशील एरिया में कैसे पहुंचा।
बम मिलना गंभीर मामला - वड़िंग
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ः पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि मुख्यमंत्री आवास के पास बम मिलना गंभीर चिंता का विषय है। जो लोग मुख्यमंत्री आवास के निकट बम रखने की हिम्मत कर सकते हैं, तो वह ऐसा कहीं भी कर सकते हैं।
उम्मीद जताई कि मामले की जांच कर इसे निर्णायक परिणाम तक पहुंचाया जाएगा। कहा कि इसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। वड़िंग ने असामाजिक ताकतों के खिलाफ सरकार को अपनी पार्टी द्वारा पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया है।
