विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रिश्वत मामले में जेल में बंद पूर्व AIG आशीष कपूर पर नई FIR दर्ज, सामने आया महिला को थाने में पीटने का वीडियो

By Jagran NewsEdited By: Rajat Mourya
Published: Tue, 18 Jul 2023 03:42 PM (IST)

रिश्वत मामले में जेल में बंद पूर्व एआईजी आशीष कपूर अब नई मुसीबत में फंस गए हैं। आशीष कपूरा की ...और पढ़ें

रिश्वत मामले में जेल में बंद पूर्व AIG आशीष कपूर पर नई FIR दर्ज
रिश्वत मामले में जेल में बंद पूर्व AIG आशीष कपूर पर नई FIR दर्ज

जीरकपुर/मोहाली, संवाद सहयोगी। एक करोड़ रिश्वत मामले में जेल में बंद पूर्व एआईजी आशीष कपूर की एक वीडियो सामने आई है, जिसमें वह जीरकपुर थाने में एक महिला को थप्पड़ मार रहे हैं। यह वही महिला है जिसने कपूर पर जबरन फिजिकल रिलेशन बनाने का केस दर्ज कराया था। महिला के वकील ने इस वीडियो को पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट में पेश किया था।

इसके आधार पर अब जीरकपुर थाने में पूर्व एआईजी आशीष कपूर के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफआईआर में मोतिया ग्रुप के डायरेक्टर हेम राज मित्तल व ढकौली के रहने वाले लवलीश गर्ग के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पूर्व एआईजी पहले से ही जेल में बंद हैं जबकि हेमराज व लवलीश को फरार बताया जा रहा है।

जज को दिखाई गई वीडियो

सोमवार को कपूर की मोहाली कोर्ट में जमानत याचिका लगी थी, जिसपर अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। पूर्व एआईजी को अभी राहत नहीं दी गई है। हाई कोर्ट ने इस पर पंजाब सरकार से जवाब मांगा था और विजिलेंस को इसकी जांच करने को कहा था। सुनवाई के दौरान एआईजी की जीरकपुर में महिला को पीटने की वीडियो जज को दिखाई थी जिसके बाद उसकी जमानत याचिका रद्द कर दी गई थी।

रिश्वत मामले में जेल में बंद हैं आशीष कपूर

बता दें कि पूर्व एआईजी आशीष कपूर पर वर्ष 2018 में जालसाजी और धोखाधड़ी केस में दो महिलाओं को राहत देने के बदले उनसे चेक साइन करवाकर एक करोड़ रुपये बैंक से निकलवाने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। कपूर के अलावा डीएसपी पवन कुमार और एएसआई हरजिंदर सिंह पर भी एफआईआर दर्ज हुई थी। विजिलेंस ने 6 अक्टूबर 2022 को कपूर को गिरफ्तार किया था।

महिला से दुष्कर्म का भी आरोप

कपूर पर एक महिला से दुष्कर्म और जबरन उगाही का आरोप भी है। महिला ने कहा था कि वह इमीग्रेशन फ्रॉड से जुड़े एक केस में जेल में बंद थी। कपूर उस समय अमृतसर में जेल सुपरिटेंडेंट थे। उन्होंने जेल में अपने पद का फायदा उठाते हुए उससे जबरन फिजिकल रिलेशन बनाए। इसके बाद कपूर ने माता रानी की फोटो के सामने महिला से शादी की थी। दुष्कर्म के बाद वह गर्भवती हो गई तो कपूर ने उसकी जमानत करवा दी, ताकि खुलासा न हो।

महिला का आरोप था कि कपूर ने ही मई 2018 में उसे जीरकपुर थाने में झूठे इमीग्रेशन केस में फंसाया था। कपूर ने महिला को अपना क्रेडिट कार्ड भी दे रखा था और उसके लिए घर खरीदने की बात भी कही थी। महिला ने क्रेडिट और डेबिट कार्ड यूज करते हुए करीब 24 लाख की शॉपिंग की थी।