पहली बार पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्राॅफी,1 नवंबर को भारत-पाकिस्तान में होगा मुकाबला, एंट्री फ्री
पंजाब पहली बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी कर रहा है, जिसका लोगो मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ने एशियन हाॅकी फेडरेशन के अधिकारियों की मौजूदगी में टूर्नामेंट का लोगो जारी किया।
HighLights
पंजाब पहली बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा।
1 नवंबर को जालंधर में भारत-पाकिस्तान का रोमांचक मुकाबला होगा।
सभी मैच दर्शकों के लिए पूरी तरह से निःशुल्क रहेंगे।
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब पहली बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्राफी की मेजबानी करने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को मोहाली के सेक्टर-63 स्थित ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हाॅकी स्टेडियम से एशियन हाॅकी फेडरेशन के अधिकारियों की मौजूदगी में टूर्नामेंट का लोगो जारी किया।
उन्होंने कहा कि 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट पंजाब के लिए गौरव का विषय है। लीग मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हाॅकी स्टेडियम में होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
इन देशों की टीमें ल रही हिस्सा
टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और चीन की टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि ओमान और बांग्लादेश रिजर्व टीमें रहेंगी।
भारत-पाकिस्तान के बीच भी होगा मुकाबला
सबसे बड़ा आकर्षण भारत-पाकिस्तान मुकाबला होगा, जो 1 नवंबर को पंजाब दिवस पर शाम 7 बजे जालंधर में खेला जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुकाबले को लेकर लोगों में खास उत्साह रहेगा और खेल भावना के साथ दोनों देशों की टीमें मैदान पर उतरेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टूर्नामेंट के आयोजन पर पंजाब सरकार 25.40 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसमें दोनों प्रमुख स्टेडियमों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करने पर 22.96 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जालंधर के सुरजीत हाकी स्टेडियम के लिए 14 करोड़ और मोहाली के बलबीर सिंह सीनियर स्टेडियम के लिए 8.96 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
मैच देखने के लिए एंट्री होगी फ्री
खास बात यह है कि टूर्नामेंट के किसी भी मैच के लिए टिकट नहीं लेना होगा। सभी मुकाबले दर्शकों के लिए निशुल्क रखे गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्कूल-काॅलेज विद्यार्थियों, हाॅकी अकादमियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की अपील की।
मान ने कहा कि पंजाब ने भारतीय हाॅकी को कई दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं। राज्य के 50 से अधिक ओलंपिक पदक विजेता और 10 राष्ट्रीय कप्तान रहे हैं। पेरिस ओलंपिक-2024 में भी पंजाब के 10 खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा थे और हरमनप्रीत सिंह ने टीम की कप्तानी की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मौजूदा वित्त वर्ष में 1,743 करोड़ रुपये का खेल बजट रखा है। 3,148 ग्रामीण खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें 750 का उद्घाटन हो चुका है। इसके अलावा 6,000 आधुनिक जिम बनाने की योजना है।
2022 से अब तक 40 हजार से अधिक खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए जा चुके हैं। मान ने कहा कि 2030 में भारत में होने वाले हाॅकी विश्व कप के मुकाबलों की मेजबानी के लिए भी पंजाब अपना दावा मजबूत करेगा और एशियन चैंपियंस ट्राॅफी का सफल आयोजन इसमें अहम भूमिका निभाएगा।
