विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कनाडा में पकड़ा गया पंजाब का वांटेड गैंगस्टर अमृतपाल बाथन, फर्जी ID से खुला इंटरपोल का राज

By Rohit KumarEdited By: Prince Sharma
Published: Thu, 29 Oct 2026 10:51 AM (IST)

पंजाब के गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाथ को कनाडा में एक सामान्य यातायात जांच के दौरान फर्जी आईडी के साथ पकड़ा ...और पढ़ें

कनाडा में पकड़ा गया पंजाब का वांटेड गैंगस्टर अमृतपाल बाथन (प्रतीकात्मक फोटो)

कनाडा में पकड़ा गया पंजाब का वांटेड गैंगस्टर अमृतपाल बाथन (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. कनाडा में सामान्य यातायात जांच के दौरान पकड़ा गया

  2. फर्जी आईडी हरप्रीत सिंह के नाम से पेश की थी

  3. इंटरपोल रेड नोटिस पर वांछित, भारत लाने की प्रक्रिया शुरू

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाथ को कनाडा में पुलिस ने एक सामान्य जांच के दौरान संयोगवश पकड़ लिया। हत्या, हत्या के प्रयास, नशा तस्करी और फिरौती समेत करीब 20 आपराधिक मामलों में वांछित बाथ अपनी पहचान छिपाकर कनाडा में रह रहा था।

पुलिस ने जिस कार को रोका, उसमें वह यात्री के रूप में बैठा था। उसने पुलिस को हरप्रीत सिंह के नाम का पहचान पत्र दिखाया, लेकिन आइडी की प्रामाणिकता पर संदेह होने के बाद उसकी असली पहचान सामने आ गई। 28 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना आठ अक्टूबर की शाम ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर के व्हाली इलाके में हुई। पुलिस की नजर एक ऐसी कार पर पड़ी, जिसे चालक असामान्य तरीके से चला रहा था। पुलिस का उद्देश्य चालक की नशे की हालत की जांच करना था। इसी दौरान कार में यात्री के रूप में बैठे अमृतपाल बाथ से पूछताछ हुई।

बाथ ने अपनी पहचान छिपाने के लिए खुद को हरप्रीत सिंह बताया और इसी नाम का पहचान पत्र पेश किया। हालांकि, पहचान पत्र देखने में असली नहीं लग रहा था। सरे पुलिस के प्रवक्ता इयान मैकडोनाल्ड ने सिटी न्यूज को बताया कि आइडी संदिग्ध लगने के कारण पुलिस ने मामले की आगे जांच की।

इंटरपोल के रेड नोटिस से खुला राज

पुलिस ने जब डेटाबेस में उसकी जानकारी की जांच की तो पता चला कि वह इंटरपोल के रेड नोटिस पर वांछित है। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया और कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी के हवाले कर दिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, अमृतपाल बाथ अभी एजेंसी की हिरासत में है।

इस मामले में एक अहम पहलू यह भी है कि कनाडा के अधिकारियों को पहले बाथ के वहां मौजूद होने की जानकारी नहीं थी। जिस कार में वह सवार था, उसके चालक को भी उसकी असली पहचान और आपराधिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी थी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।

भारत लाने की प्रक्रिया शुरू

तरनतारन जिले के मियांपुर गांव का निवासी अमृतपाल सिंह बाथ पंजाब में कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है। पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है और उसे भारत वापस लाने के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्टों के मुताबिक, उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण या निर्वासन की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।

गौरतलब है कि कनाडा में उसकी हिरासत की खबर 26 अक्टूबर को भी सामने आई थी। अब सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, किसी विशेष अभियान के बजाय यातायात जांच के दौरान फर्जी पहचान पत्र पर संदेह होने से पुलिस गैंगस्टर की असली पहचान तक पहुंच गई।