पंजाब में वन कर्मचारियों को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा, मंत्री लाल चंद कटारू ने दी गारंटी
पंजाब के वन मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने वन कर्मचारियों को नौकरी से न निकालने का आश्वासन दिया है।

पंजाब में वन कर्मचारियों को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा (फाइल फोटो)
HighLights
वन कर्मचारियों को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा
वन विभाग में 1,458 कर्मचारियों को अब तक नियमित किया गया।
कोई भी चल रहा कार्य ठेके पर नहीं दिया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब के वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि सरकार किसी भी वन कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकालेगी और कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
डेमोक्रेटिक वन कर्मचारी यूनियन, पंजाब के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में मंत्री ने कर्मचारियों की मांगें सुनीं और जायज मांगों को उच्च स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।
फील्ड वर्करों के कार्य को खतरनाक कार्यों की श्रेणी में शामिल करने की मांग पर उन्होंने इसे सरकार के समक्ष उठाने की बात कही। कटारूचक्क ने स्पष्ट किया कि कोई भी चल रहा कार्य ठेके पर नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन विभाग में अब तक 1,458 कर्मचारियों को नियमित किया गया है। इनमें इस वर्ष 516 और पिछले वर्ष 942 कर्मचारी शामिल हैं।
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार अब तक 70 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दे चुकी है और सभी नियुक्तियां मेरिट के आधार पर की गई हैं। बैठक में पीसीसीएफ धर्मिंदर शर्मा, एपीसीसीएफ प्रतिमा श्रीवास्तव और एपीसीसीएफ चर्चिल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
