विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में शराब माफिया के हौसले बुलंद, पंजाब के एक्साइज इंस्पेक्टर को पीटा; मोबाइल फोन और कार की चाबी छीनी

Published: Fri, 25 Sep 2026 12:36 PM (IST)

पंजाब के एक्साइज इंस्पेक्टर हरिसमरन सिंह पर चंडीगढ़ में शराब ठेकेदार के कारिंदों ने हमला कर दिया। अवैध शराब के ...और पढ़ें

अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई कर रहे एक्साइज इंस्पेक्टर को पीटा। (सांकेतिक फोटो)

अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई कर रहे एक्साइज इंस्पेक्टर को पीटा। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. चंडीगढ़ सेक्टर-24 के पास ठेकेदार के कारिंदों ने घेरा।

  2. अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई के बाद हमला।

  3. पुलिस की भूमिका पर सवाल, एसएसपी ने जांच सौंपी।

 

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई कर रहे एक्साइज इंस्पेक्टर हरिसमरन सिंह पर चंडीगढ़ में हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि शराब तस्करी के मामलों में कार्रवाई से नाराज शराब ठेकेदार के कारिंदों ने सेक्टर-24 के पास उनका रास्ता रोक लिया। कार से बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट की गई। आरोपितों ने कार की चाबी और मोबाइल फोन भी छीन लिया।

इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ की एक पुलिस चौकी में रातभर बैठाए रखने का भी आरोप है। घटना 19 सितंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। हरिसमरन सिंह के मुताबिक वह चंडीगढ़ में अपने परिवार के साथ रहते हैं और पंजाब में शराब तस्करी से जुड़े मामलों की जांच कर रहे हैं।

पिछले करीब एक महीने में चंडीगढ़ से पंजाब जा रही करीब 300 पेटी अवैध शराब पकड़े जाने के बाद सात मुकदमे दर्ज किए गए थे। जांच में सेक्टर-24 स्थित हिमालय वाइन नामक शराब ठेकेदार कंपनी की संलिप्तता सामने आने का दावा किया गया है।

कार्रवाई से नाराज आरोपितों ने पहले भी उनकी रेकी करने का प्रयास किया। घटना वाली रात सेक्टर-24 के पास कारिंदों ने उन्हें घेर लिया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए जबरन दूसरी जगह ले जाने की कोशिश की।

कार भगाकर निकले तो पीयू परिसर तक पीछा

इंस्पेक्टर ने किसी तरह कार भगाई तो आरोपितों ने फिल्मी अंदाज में उनका पीछा किया। सुरक्षा के लिए उन्होंने कार पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस की ओर मोड़ दी, लेकिन आरोप है कि पीछा कर रहे लोग वहां तक पहुंच गए।

इंस्पेक्टर का आरोप है कि इसी दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और मोबाइल व कार की चाबी छीन ली गई। मामला सामने आने के बाद पंजाब एक्साइज विभाग के अधिकारियों ने चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। एसएसपी चंडीगढ़ ने मामले की जांच एसपी सिटी को सौंप दी है।

शराब तस्करी पर कार्रवाई से बढ़ा विवाद

पंजाब में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान चंडीगढ़ से पंजाब जाने वाली करीब 300 पेटी अवैध शराब पकड़े जाने का दावा है। इस कार्रवाई के बाद सात मामले दर्ज किए गए। जांच में सेक्टर-24 की शराब ठेकेदार कंपनी का नाम सामने आने के बाद विवाद बढ़ने की बात कही गई है।

एसएसपी ने एसपी सिटी को सौंपी जांच

चौकी से छूटने के बाद एक्साइज इंस्पेक्टर ने पंजाब एक्साइज विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामला चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। एसएसपी चंडीगढ़ ने एसपी सिटी को जांच सौंप दी है।

विभागीय अधिकारियों की ओर से चंडीगढ़ पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की मांग की गई है। वहीं, एक्साइज एवं कराधान इंस्पेक्टर यूनियन ने दोषी पुलिसकर्मियों और शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।