विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिले पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, कई मुद्दों पर हुई चर्चा

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Tue, 27 Jul 2021 04:03 PM (IST)Updated: Wed, 28 Jul 2021 08:16 AM (IST)

पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने पहुंचे। उनके साथ पार्टी के चारों कार्यकारी प्रधान ...और पढ़ें

सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से हाथ मिलाते नवजोत सिद्धू।
सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से हाथ मिलाते नवजोत सिद्धू।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान को शांत करने के लिए पार्टी हाईकमान ने नवजोत सिंह सिद्धू को राज्य की कमान सौंप दी है, लेकिन जिस तरह से कार्यभार ग्रहण के बाद भी अपनी ही कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार के खिलाफ सिद्धू आक्रामक दिखे, उससे हाईकमान नाराज है। हाईकमान के निर्देश पर सिद्धू कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने पहुंचे। पंजाब कांग्रेस की कमान संभालने के बाद सिद्धू की कैप्टन से यह पहली मुलाकात है। 

सिद्धू व कैप्टन के बीच हुई बैठक में पार्टी के पंजाब के चारों कार्यकारी प्रधान, कैबिनेट मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा और मुख्यमंत्री के चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी सुरेश कुमार भी मौजूद रहे। सूत्रों को का कहना है कि हाईकमान के निर्देश पर सिद्धू कैप्टन अमरिंदर सिंह से बैठक करने के लिए पहुंचे। सिद्धू ने पार्टी की कमान संभालने वाले दिन जिस तरह का रवैया अपनाया था उससे पार्टी हाईकमान भी खुश नहीं था। पार्टी को ऐसा लग रहा है कि अगर सिद्धू इसी प्रकार से अड़ियल रुख अपनाते हैं तो कांग्रेस के लिए गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने पहुंचे नवजोत सिद्धू।

सूत्रों के मुताबिक हाईकमान के रुख के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने के लिए समय मांगा था। आमतौर पर मुख्यमंत्री या तो अपने फार्म हाउस या सरकारी आवास पर मिलते हैंं, लेकिन सिद्धू को उन्होंने सचिवालय में बुलाया। इससे पहले जब भी कैप्टन ने सिद्धू को अपने यहां बुलाया तो यह मुलाकात उनके फार्म हाउस पर ही हुई थी।

इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस की ओर से सीएम को एक मांग पत्र भी सौंपा। इसमें मांग की गई है कि हाईकमान द्वारा तय किए गए 18 सूत्रीय कार्यक्रम पर अमल किया जाए। इनमें से पांच बिंदुओं पर सरकार से तत्काल काम शुरू करने की अपील की गई है। जिनमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की गई है। इसके अलावा पंजाब में नशा तस्करों पर नकेल कसी जाए और बड़ी मछलियों को पकड़ा जाए और इन पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पंजाब कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आज पूरे राज्य में 20 से अधिक संघ (शिक्षक, डॉक्टर, नर्स, लाइन-मैन, कर्मचारी आदि) विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए।