पंजाब सरकार नशे के खिलाफ खड़ा करेगी जन आंदोलन, बाइक रैली के जरिये हर जिले में लोगों से लिए जाएंगे सुझाव
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नशे के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने के लिए चपड़चिड़ी से मोटरसाइकिल रैली को ...और पढ़ें

सीएम ने चपड़चिड़ी से मोटरसाइकिल रैली को रवाना किया।
HighLights
सीएम मान ने नशे के खिलाफ बाइक रैली शुरू की।
रैली 23 जिलों में जाकर लोगों से सुझाव लेगी।
युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने पर जोर।
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को चपड़चिड़ी से मोटरसाइकिल रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह रैली पंजाब के 23 जिलों में जाएगी।
इसके साथ सुझाव लेने के लिए एक विशेष गाड़ी भी चलेगी। पंजाबवासी नशे के खिलाफ अपने सुझाव और संदेश गाड़ी में रखे बॉक्स में डाल सकते हैं। अपनी पहचान गुप्त रखना चाहते हैं तो केवल संदेश लिखें। मोबाइल नंबर लिखने वालों को कॉल कर उनसे बात की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस के भरोसे नहीं जीती जा सकती। इसके लिए जन आंदोलन खड़ा करना होगा और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना होगा।
युवाओं को खेल मैदानों में जाएं, आईपीएस बनने जाने, यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं पास करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती बेहद उपजाऊ है, इसके बावजूद यहां के लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी ओर, कम उत्पादन वाले क्षेत्रों में लोग बेहतर जीवन जी रहे हैं। इसके पीछे अनुशासन और कानून का शासन महत्वपूर्ण कारण हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी कार्य संस्कृति विकसित करने की जरूरत है।
कलाकार रहता तो नीरू बाजवा के साथ 15-20 फिल्में कर चुका होता
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने कलाकार जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि शुरुआती दौर में उनके पिता उनके पेशे के पक्ष में नहीं थे, लेकिन वह असफल कलाकार नहीं थे। उन्होंने कहा कि करीब साढ़े 17 साल की उम्र में ही वह स्टार बन गए थे।
अगर वह राजनीति में नहीं आते तो नीरू बाजवा के साथ उनकी 15 से 20 फिल्में आ चुकी होतीं। अब उनके साथ बीनू ढिल्लों फिल्में कर रहे हैं। मान ने कहा कि उन्होंने राजनीति में आकर लोकसेवा का रास्ता चुना है।
उनके अनुसार, अगर उन्हें पैसा कमाना होता तो वह कलाकार के तौर पर भी कमा सकते थे, लेकिन अब उन्हें जनता की सेवा करने की जिम्मेदारी मिली है। इस मौके पर स्वास्थ मंत्री बलबीर सिंह और विधायक कुलवंत सिंह भी थे.
