Punjab: CM भगवंत मान का राहुल गांधी को करारा जवाब, कहा - हमें नसीहत देने से पहले अपने गिरेबान में झांकें
Bhagwant Mann ने कहा कि राहुल गांधी को लोकतांत्रिक मर्यादा के बारे में कुछ कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। मान ने राहुल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें याद होना चाहिए कि पंजाब के लोगों ने कांग्रेस को सिरे से नकार दिया था।
चंडीगढ़, ऑनलाइन डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राज्य के दौरे के दौरान दिए बेतुके बयानों पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को व्यंग्य कसते हुए कहा कि ऐसे बेबुनियाद बयान देने से पहले राहुल अपने गिरेबान में झांकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र या लोकतांत्रिक मर्यादा के बारे में कुछ भी कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भगवंत मान ने राहुल गांधी को याद दिलाया कि उनको पंजाब के लोगों ने मुख्यमंत्री चुना है, जिन्होंने उनकी पार्टी को सिरे से नकार दिया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया था, जबकि मुझे लोगों ने सेवा करने के लिए चुना है।
राहुल पर कटाक्ष- अधूरी जानकारी हमेशा खतरनाक
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को कहा कि अधूरी जानकारी हमेशा ख़तरनाक होती है और यह बात राज्य में यात्रा के दौरान उनके बेबुनियाद बयान साबित कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेसी नेता को याद दिलाया कि उनकी पार्टी ने मुख्यमंत्रियों को कठपुतलियों की तरह नचाकर लोकतंत्र को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। भगवंत मान ने कहा कि संसद सदस्य को इस मुद्दे पर कोई भी बयान देने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
सुर्खियां बटोरने के लिए कांग्रेस की घटिया चाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने खुद कैप्टन अमरिन्दर सिंह को मुख्यमंत्री के पद से हटाकर लगभग एक साल पहले उनको जलील किया था। उन्होंने आगे कहा कि यह भी दुखद है कि मौजूदा राज्य कांग्रेस के प्रधान को चल रही यात्रा के दौरान धक्के मारकर लोगों में बेइज्जत किया जा रहा है, जोकि वास्तव में मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए कांग्रेसी नेता की घटिया चाल से अधिक कुछ नहीं। भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेसी नेता भूल गए हैं कि उनके परिवार के हाथ देश में लोकतंत्र के कत्ल से रंगे हुए हैं और लोग उनको इस गुनाह के लिए कभी माफ नहीं करेंगे।