पंजाब चुनाव 2022: खरड़ सीट से सीएम चन्नी के खिलाफ हुए जगमोहन कंग, बेटे को बनाएंगे निर्दलीय उम्मीदवार
Punjab Assembly Election 2022 जगमोहन सिंह कंग के बेटे यादविंदर सिंह कंग इनफोटेक के वाइस चेयरमैन हैं। वह सिविल इंजीनियर हैं। कांग्रेस ने खरड़ सीट से विजय शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले जगमोहन कंग के निर्दलीय चुनाव लड़ने की चर्चाएं थी।
रोहित कुमार, मोहाली। Punjab Assembly Election 2022: मोहाली जिले की खरड़ विधानसभा सीट से कांग्रेस से बागी हुए जगमोहन सिंह कंग अपने बेटे यादविंदर सिंह कंग को निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी अखाड़े में उतारने की तैयारी मन बनाया है। जगमोहन सिंह कंग का कांग्रेस ने इस बार टिकट काट दिया गया है। इसके लिए वे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। टिकट कटने के बाद कंग ने सीएम चन्नी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। टिकट कटने के बाद से कंग लगातार अपने समर्थकों से बातचीत कर रहे हैं।
बता दें कि जगमोहन सिंह कंग के बेटे यादविंदर सिंह कंग इनफोटेक के वाइस चेयरमैन हैं। वह सिविल इंजीनियर हैं। कांग्रेस ने खरड़ सीट से विजय शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले जगमोहन कंग के निर्दलीय चुनाव लड़ने की चर्चाएं थी, लेकिन अब उनके बेटे यादविंदर सिंह कंग को चुनाव लड़ाने के लिए आजाद उम्मीदवार बनाया जा रहा है। जगमोहन कंग पहले ही कह चुके हैं कि वे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के हलके में जाकर उनके खिलाफ प्रचार करेंगे।
उधर, खरड़ से ही पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) के उम्मीदवार कमलदीप सिंह अपने पार्टी के चुनाव चिन्ह की बजाए भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा के चुनाव चिन्ह पर लड़ने का कारण ये बताया जा रहा है कि भाजपा के कार्यकर्ता प्रचार में साथ नहीं दे रहे थे। वहीं, इस सीट पर भाजपा के स्थानीय नेता भी अपनी दावेदारी पेश रहे थे, लेकिन सीट पीएलसी के खाते में गई। पीएलसी और भाजपा का गठबंधन है। पीएलसी पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी है। जिला मोहाली के तीन सीटों में से दो भाजपा के खाते में है। कमलदीप अपनी पार्टी के निशान पर चुनाव नहीं लड़ेंगे। वहीं खरड़ सीट में अब तक सबसे ज्यादा निर्दलीय तौर पर उम्मीदवारों ने नामांकन भरे हैं। खरड़ में अब तक तीन निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं।
इधर, डेराबस्सी विधानसभा हलके में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलजीत रंधावा, भाजपा प्रत्याशी संजीव खन्ना और शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार एनके शर्मा ने शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल किया है। तीनों प्रत्याशियों ने एसडीएम डेराबस्सी दफ्तर में नामांकन पत्र भरा है।