विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद पर बड़ा प्रहार, वित्त मंत्री का दावा- 89 हजार तस्कर गिरफ्तार, 23 करोड़ की ड्रग मनी बरामद

By Rohit KumarEdited By: Prince Sharma
Published: Thu, 29 Oct 2026 03:27 PM (IST)

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस को नशे के मुद्दे पर घेरा, दावा किया कि ...और पढ़ें

हरपाल सिंह चीमा (फाइल फोटो)

हरपाल सिंह चीमा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मार्च 2022 से नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ अभियान जारी

  2. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने की बड़ी कार्रवाई

  3. 89 हजार आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा बरामद

रोहित कुमार, चंडीगढ़। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने नशे के मुद्दे पर अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस को घेरते हुए आरोप लगाया कि अकाली-भाजपा सरकार के दौरान प्रदेश में नशे का कारोबार शुरू हुआ और कांग्रेस सरकार के समय भी यह जारी रहा।

उन्होंने कहा कि मार्च 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से प्रदेश में नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सरकार बनते ही एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) का गठन किया गया, जिसने अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई की।

चीमा ने कहा कि सरकार ने गैंगस्टरवाद पर अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीति के तहत काम किया। घोषित अपराधियों (पीओ) को पकड़ने के लिए कार्रवाई की गई और अपराध में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने दावा किया कि एजीटीएफ ने गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में आरोपितों को पकड़ा और अवैध हथियार भी बरामद किए। उनके मुताबिक, 188 ऐसे लोगों को भी पकड़ा गया, जो अपराध में शामिल थे।

नशा तस्करी के मामलों में 89 हजार आरोपी पकड़े

वित्त मंत्री ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का ब्योरा देते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक 68,545 मामले दर्ज किए गए हैं और करीब 89 हजार आरोपितों को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान चार क्विंटल हेरोइन और 23 करोड़ रुपये से अधिक की ड्रग मनी बरामद की गई है।

चीमा के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में मेडिकल नशे पर भी कार्रवाई की गई है। इस दौरान 67 लाख से अधिक मेडिकल नशे की गोलियां या अन्य संबंधित सामग्री तथा 4,200 इंजेक्शन पकड़े गए हैं। इसके अलावा 84 किलोग्राम नशीला पाउडर भी बरामद किया गया है।

ड्रोन के जरिये तस्करी पर भी कार्रवाई

चीमा ने कहा कि 'युद्ध नशे विरुद्ध' अभियान के तहत नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए ड्रोन से होने वाली गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। सरकार का दावा है कि नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

वित्त मंत्री ने कहा कि नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सरकार का लक्ष्य नशा तस्करों और संगठित अपराध में शामिल लोगों पर कार्रवाई कर पंजाब को नशामुक्त बनाना है।