पंजाब आप प्रमुख भगवंत मान का दावा, नवजोत सिंह सिद्धू कर रहे बागी ट्वीट, कर सकते बड़ा धमाका
Punjab Vidhan Sabha Chunav 2022 पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रधान भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू तीन-चार दिनों से बागी ट्वीट कर रहे हैं। मान ने कहा कि उनके ट्वीट से लगता है कि वह बड़ा धमाका कर सकते हैं।
रोहित कुमार, मोहाली। Punjab Vidhan Sabha Chunav 2022: पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू तीन-चार दिन से बागी ट्वीट कर रहे हैं। मान ने दावा किया कि सिद्धू के ट्वीट से लगता है कि वह तीन-चार दिन में कोई बड़ा धमाका करेंगे। मान से जब यह पूछा गया कि क्या सिद्धू पार्टी छोड़ेंगे तो मान ने कहा कि इस पर तो कुछ नहीं कहा जा सकता, पर ट्वीट बागी संकेत देते हैं।
मान ने कहा कि चन्नी को कहां से चुनाव लड़ना चाहिए कहां से नहीं ? इस पर अगर सिद्धू राय दे रहे हैं तो ये कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला है। मान पंजाब के कर्ज की बात करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इस समय पंजाब पर तीन लाख करोड़ का कर्ज है। पंजाब की आबादी तीन करोड़ है। इसका मतलब ये है कि हर पंजाबी पर एक लाख रूपये का कर्जा है। यानी आने वाले बच्चे अपने ऊपर कर्ज लेकर पैदा होंगे।
आप के पंजाब प्रमुख भगवंत मान ने पंजाब में पूर्व सत्ता में रही कांग्रेस व शिअद पार्टियों पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के मंत्री मालामाल है, लेकिन जब लोकहित की बात आती है तो कह दिया जाता है कि पंजाब का खजाना खाली है, जबकि लोग टैक्स दे रहे हैं। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो खजाना भी भरेगा और लोगों को सुविधाएं भी मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली का बजट 26 हजार करोड़ रुपये का था, लेकिन अब बजट 69 हजार करोड़ का कर दिया गया। शिक्षा से लेकर सेहत तक सभी सुविधाएं दिल्लीवासियों को मिल रही हैं। पंजाब को कैसे खुशहाल बनना है इसका पूरा रोड़ मैप तैयार है। सवाल के जवाब में कहा कि पार्टी में कोई नेता नाराज नहीं है। हर कोई अपने हलकों में प्रचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आप के जो नेता पार्टी छोड़ चुके है और टिपणीयां कर रहे है उस पर वे जबाब नहीं देना चाहते। वे पॉजिटिव राजनीति करने आए है जो लोगों कोसुविधाएं दे।