PU में घूमने वाली गाड़ियों से स्टूडेंट्स परेशान, फोर व्हीलर की एंट्री पर रोक की मांग; आंदोलन की चेतावनी
पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्रों ने कैंपस में वाहनों की एंट्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने ...और पढ़ें

पीयू में गाड़ियों की एंट्री पर रोक की मांग को लेकर एकजुट हुए स्टूडेंट्स।
HighLights
पीयू में वाहनों की एंट्री पर रोक की मांग तेज।
छात्रों ने सुरक्षा, जाम, प्रदूषण पर जताई चिंता।
फोर-व्हीलर पर प्रतिबंध न लगने पर आंदोलन की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में गाड़ियों की एंट्री पर रोक की मांग तेज हो गई है। पीयू में घूमने वाली गाड़ियों को लेकर स्टूडेंट्स ने आपत्ति जताई है। उन्होंने मंगलवार को प्रदर्शन किया। स्टूडेंट्स ने चेतावनी दी है कि जल्द फोर व्हीलर की एंट्री पर रोक नहीं लगी तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे और वीसी ऑफिस का घेराव करेंगे।
स्टूडेंट्स का कहना है कि पीयू में गाड़ियों की वजह से आए दिन जाम, प्रदूषण और सुरक्षा की समस्या बढ़ रही है। गेड़ी कल्चर के नाम पर कैंपस में घूमने वाली गाड़ियों से छात्राओं को परेशानी होती है।
गाड़ियों में सवार कुछ लोग कमेंट करते हैं और पीछा करते हैं, जिससे असुरक्षा महसूस होती है। हर गेट पर गाड़ियों का जमावड़ा लगता है तो पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। छात्रों ने कहा कि कई बार बाहरी लोग भी बिना स्टिकर के गाड़ियां लेकर कैंपस में आ जाते हैं।
स्टूडेंट्स ने केवल ई-रिक्शा, साइकिल और यूनिवर्सिटी की शटल चलाने की मांग की। उन्होंने यूनिवर्सिटी की इंटरनल कम्प्लेंट कमेटी (आईसीसी) में सुधार की भी मांग उठाई, ताकि शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
