विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'परीक्षाएं चल रही हैं, वोटिंग नहीं', भटकते रहे मतदाता; अजय जग्गा ने पोलिंग बूथ पर खोली व्यवस्थाओं की पोल

Published: Sun, 20 Sep 2026 02:21 PM (IST)

एडवोकेट अजय जग्गा ने पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट चुनाव में मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने ...और पढ़ें

पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट चुनाव पर उठे सवाल।

पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट चुनाव पर उठे सवाल।

HighLights

  1. अजय जग्गा ने पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट चुनाव अव्यवस्था पर शिकायत की

  2. मतदान केंद्र बदलने की सूचना न देने पर सवाल उठाए गए

  3. मोबाइल फोन जमा करने की सुविधा न होने पर चिंता व्यक्त की

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों की व्यवस्था को लेकर एडवोकेट अजय जग्गा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने 20 सितंबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-22ए स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मतदान के लिए पहुंचने के अपने अनुभव का हवाला देते हुए पंजाब यूनिवर्सिटी के चांसलर एवं उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को शिकायत भेजी है।

उन्होंने पूरे मामले में तत्काल तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगने और चुनावी व्यवस्थाओं का पोस्ट-पोल ऑडिट कराने की मांग की है।

जग्गा के अनुसार, उन्हें सेक्टर-22ए स्कूल में मतदान केंद्र की जानकारी दी गई थी। वहां पहुंचने पर स्कूल परिसर में मौजूद कर्मचारियों और रिसेप्शन पर बैठे लोगों को सीनेट चुनाव में मतदान की जानकारी नहीं थी।

उन्हें बताया गया कि स्कूल में परीक्षाएं चल रही हैं और मतदान नहीं हो रहा। करीब 10 लोगों से पूछताछ के बाद उन्हें पता चला कि मतदान केंद्र को सेक्टर-22डी स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल में स्थानांतरित किया गया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मतदान केंद्र बदला गया था तो पुराने निर्धारित स्थल पर मतदाताओं को इसकी जानकारी देने के लिए प्रमुख सूचना, दिशासूचक बोर्ड या स्वयंसेवकों की व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

जग्गा ने वैकल्पिक मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक को लेकर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि मोबाइल प्रतिबंधित होने पर उसे सुरक्षित रखने के लिए कोई अधिकृत काउंटर, लॉकर या जमा सुविधा नहीं थी।

उन्होंने शिकायत में पूछा कि ऐसी स्थिति में मतदाता अपना मोबाइल कहां जमा करे।

उन्होंने चांसलर से सेक्टर-22 में मतदान केंद्र बदलने के कारण, मतदाताओं को सूचना देने की व्यवस्था और मोबाइल फोन जमा कराने की व्यवस्था पर तत्काल रिपोर्ट लेने की मांग की है। साथ ही यह भी पता लगाने को कहा है कि गलत या बदले हुए मतदान केंद्र, पर्याप्त संकेतक नहीं होने और अन्य अव्यवस्थाओं के कारण कितने मतदाता प्रभावित हुए।

जग्गा ने कहा कि चुनाव की सफलता केवल मतदान केंद्र और मतदानकर्मियों की तैनाती से नहीं होती, बल्कि मतदाता को आसानी से मतदान केंद्र तक पहुंचने और बिना अनावश्यक परेशानी के मतदान करने की सुविधा मिलना भी जरूरी है।

यह भी पढ़ें- पीयू सीनेट चुनाव: हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार व यूनिवर्सिटी से मांगा हलफनामा, पिछले साल खत्म हो गया था कार्यकाल