विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PSPCL ने कनेक्शन काटने पर लगाई रोक, पंजाब में गलत बिजली बिलों से उपभोक्ताओं को राहत

Published: Mon, 28 Sep 2026 06:47 PM (IST)

पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने गलत और बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है।

पीएसपीसीएल ने कनेक्शन काटने पर लगाई रोक।

पीएसपीसीएल ने कनेक्शन काटने पर लगाई रोक।

HighLights

  1. गलत बिजली बिलों पर कनेक्शन नहीं काटे जाएंगे

  2. PSPCL ने घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत प्रदान की

  3. ओरेकल SBS सिस्टम स्थिर होने तक रोक जारी रहेगी

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में गलत और बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान घरेलू उपभोक्ताओं को पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने बड़ी राहत दी है।

निगम ने ऐसे घरेलू (डीएस) कनेक्शनों को डिफाल्ट के आधार पर काटने की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए हैं, जिनके बिलिंग संबंधी विवाद सामने आ रहे हैं। यह रोक तब तक जारी रहेगी, जब तक ओरेकल आधारित एसबीएस सिस्टम स्थिर नहीं हो जाता और गलत अथवा बढ़े हुए बिलों को ठीक नहीं कर दिया जाता।

पीएसपीसीएल के डायरेक्टर डिस्ट्रीब्यूशन की ओर से 28 सितंबर को जारी मेमो में सभी डीएस जोन के मुख्य अभियंताओं को इस संबंध में निर्देश भेजे गए हैं। निगम ने माना है कि हालिया समय में मीटर रीडरों की हड़ताल और एसएपी/नान-एसएपी सिस्टम से ओरेकल आधारित एसबीएस सिस्टम में माइग्रेशन के कारण बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं की बिलिंग औसत या अनुमानित खपत के आधार पर हुई है। इसके चलते कई उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत की तुलना में गलत अथवा बढ़ी हुई राशि के बिल प्राप्त हुए हैं।

सिस्टम में बकाया दिखने से बढ़ी परेशानी

गलत बिलों के कारण उपभोक्ताओं की ओर से फील्ड कार्यालयों में लगातार शिकायतें पहुंच रही हैं। समस्या यह है कि इन बिलों में दिखाई दे रही राशि सिस्टम में बकाया या डिफाल्ट के रूप में दर्ज हो रही है।

इसके बाद संबंधित कनेक्शन डिफाल्ट के आधार पर डिस्कनेक्शन की कार्रवाई के दायरे में आ रहे हैं। निगम के अनुसार, इससे उपभोक्ताओं में काफी रोष पैदा हो रहा है, खासकर उन मामलों में जहां बकाया राशि वास्तविक बिजली खपत के बजाय गलत बिलिंग के कारण बनी है।

फील्ड अधिकारियों को सख्त निर्देश

पीएसपीसीएल ने अब स्पष्ट किया है कि ऐसे डीएस उपभोक्ता कनेक्शनों को डिफाल्ट के आधार पर काटने की कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से स्थगित रखा जाए। फील्ड कार्यालयों को निर्देश दिया गया है कि इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। यानी गलत अथवा बढ़े हुए बिल के कारण सिस्टम में बकाया दिखाई देने मात्र से उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।

बिल सुधार के बाद आगे की कार्रवाई

निगम का यह फैसला तब तक प्रभावी रहेगा, जब तक एसबीएस सिस्टम में बिलिंग संबंधी स्थिति स्थिर नहीं हो जाती और गलत या बढ़े हुए बिलों को ठीक नहीं कर दिया जाता।

पीएसपीसीएल की ओर से जारी निर्देशों का उद्देश्य बिलिंग सिस्टम में तकनीकी और संक्रमण संबंधी समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं पर पड़ रहे अतिरिक्त बोझ को रोकना है। इससे उन उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, जिनके बिल वास्तविक खपत के अनुरूप नहीं आए हैं और उसी राशि के कारण उनके कनेक्शन डिफाल्ट में दिख रहे हैं।