लोगों के सामने हो समस्याओं का हल : सूद
रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की समस्याएं सुनते दिखे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : सेक्टर-33 के भाजपा कार्यालय में क्राफ्ड की बैठक हुई, जिसमें भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद यहां पर आए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की समस्याएं सुनते दिखे। बैठक में भी डड्डूमाजरा में मरे हुए जानवरों के संस्कार का प्लांट लगाने का मामला गरमाया। दक्षिणी सेक्टरों की एसोसिएशन ने कहा कि यहां पर प्लांट नहीं लगना चाहिए। डड्डूमाजरा में पहले से डंपिग ग्राउंड के कचरे का निवारण नहीं हुआ है और गारबेज प्लांट के बाद एमसी एक नया प्लांट लोगों पर थोप रही है। सूद ने दिया कार्रवाई का भरोसा
भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं पर जल्द से जल्द उचित कार्रवाई शुरू की जाएगी। चंडीगढ़ प्रशासन के प्रमुख सरकारी पदों पर खुद के कैडर के अधिकारियों को नियुक्त करना चाहिए ताकि शहर के निवासियों के सामने आने वाली प्रमुख समस्याओं के समय पर निर्णय लिए जा सकें। उन्होंने क्रॉफ्ड पदाधिकारियों को यह भी बताया कि गृह मंत्रालय के तहत एक सलाहकार कमेटी का गठन जल्द ही शहर के ज्वलंत मुद्दों के तत्काल निवारण के लिए किया जाएगा और इसमें वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों सहित शहर के लगभग दस सदस्य होंगे। दूसरी समस्याएं भी उठाई
क्राफ्ड अध्यक्ष हितेश पुरी ने कलेक्टर रेट को संशोधित करने, लीज होल्ड से फ्रीहोल्ड के कन्वर्जन चार्ज को कम करने की मांग की। कहा कि हरियाणा-पंजाब से तभी डेपुटेशन पर अधिकारी बुलाए जाने चाहिए, जब यूटी के अधिकारी उस पद के लिए न हो। 31 मार्च 2021 तक वर्तमान महामारी के मद्देनजर कोई चुनाव नहीं किया जाना चाहिए। बैठक में रेजिडेंट्स ने शहर की सड़कों की खस्ता हालत, पानी की किल्लत, रोड गलियों की सफाई, पीजी के कारण आ रही समस्याओं को उठाया। इसके साथ ही हाउसिग बोर्ड के मकानों को जरूरत के अनुसार बदलाव करने की अनुमति देने की मांग भी उठी। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनीश गर्ग, मुख्य प्रवक्ता को कोरोना योद्धा के तौर पर भी सम्मानित किया गया।