समस्या समाधान टीम ने किया सफाई कर्मियों की हड़ताल का समर्थन
समस्या समाधान टीम ने एमसी चंडीगढ़ के सफाई कर्मचारियों का समर्थन किया है। विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल को जायज बताया है।
जासं, मनीमाजरा : समस्या समाधान टीम ने एमसी चंडीगढ़ के सफाई कर्मचारियों का समर्थन किया है। विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल को जायज बताया है। समस्या समाधान टीम के मनोज शुक्ला कहना है कि अगर स्मार्ट वॉच पहनने से कर्मचारियों की सेहत पर प्रभाव पड़ रहा है तो इसे तुरंत बंद कर देना चाहिए। कर्मचारी यूनियन के अलावा हमने भी दो बार प्रशासन को पत्र लिख कर स्मार्ट वॉच का प्रयोग बंद करने की अपील की थी, लेकिन नगर निगम ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम 467 रुपये प्रति घड़ी प्रति महीने के हिसाब से मेसर्ज आइएमटीएसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से 4000 घड़ियां तीन साल के लिए किराये पर ली है। इसके लिए नगर निगम कंपनी को हर महीने 18 लाख रुपए अदा करेगा। इस हिसाब से नगर निगम सालाना दो करोड़ 16 लाख रुपए कंपनी को देगा। सफाई कर्मचारी की मौजूदा लाइव लोकेशन देखने के लिए स्मार्ट फोन का भी इस्तमाल किया जा सकता है और मार्केट में भी 500 रुपये का स्मार्ट फोन समेत इंटरनेट कनेक्शन मौजूद है तो नगर निगम को चाहिए कि कर्मचारियों की लाइव लोकेशन देखने के लिए उनके स्मार्ट फोन के जीपीएस का प्रयोग करे।
वहीं इस बारे में ओंकार सैनी का कहना है कि जिस स्मार्ट वॉच को चंडीगढ़ नगर निगम 467 रुपये प्रति घड़ी प्रति महीने के हिसाब से किराये पर ली है। ऐसी ही घड़ी को नगर निगम पंचकूला लगभग 800 रुपये में आईटीआई, एक केंद्रीय सरकारी उद्यम एजेंसी से खरीद रहे है। जब कोई चीज दो महीने के किराये के बराबर खरीदी का सकती है तो उसको तीन साल के लिए किराये पर लेना सरकारी पैसे की बर्बादी है।