PEC चंडीगढ़ में असिस्टेंट प्रोफेसर के 37 पदों पर भर्ती की तैयारी, 19 जुलाई तक करें आवेदन, 73500 रुपये सैलरी
पेक में इस समय स्टूडेंट्स की रेशों के हिसाब से 150 के करीब विभिन्न पदों पर प्रोफेसर की कमी हैं। जनवरी 2021 में पेक ने 57 प्रोफेसर के रेगुलर पदों पर भर्ती की तैयारी कर ली थी लेकिन पेक के पूर्व डायरेक्टर प्रो.धीरज सांघी के इस्तीफे केबाद भर्ती लटक गई।
डाॅ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। देश के टाॅप इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट में शामिल पंजाब इंजीनियरिंग काॅलेज (पेक) चंडीगढ़ (PEC Chandigarh) ने असिस्टेंट प्रोफेसर (Assistant Professor) के पदों पर भर्ती का फैसला लिया है। जानकारी के अनुसार पेक में असिस्टेंट प्रोफेसर के 37 पदों पर नियुक्ति अगले महीने तक पूरी कर ली जाएगी। पेक प्रशासन ने इन पदों के लिए 19 जुलाई तक योग्य कैंडिडेट्स से आवेदन मांगे गए हैं। देश भर से योग्य आवेदक इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस बार पेक में शिक्षकों की नियुक्ति नए भर्ती नियमों के तहत होगी। आवेदन के लिए पीएचडी अनिवार्य कर दी गई है।
पेक में इस समय स्टूडेंट्स की रेशों के हिसाब से 150 के करीब विभिन्न पदों पर प्रोफेसर की कमी हैं। जनवरी 2021 में पेक ने 57 प्रोफेसर के रेगुलर पदों पर भर्ती की तैयारी कर ली थी, लेकिन पेक के पूर्व डायरेक्टर प्रो.धीरज सांघी के अचानक इस्तीफा देने के कारण शिक्षकों की भर्ती का मामला अधर में ही लटक गया। यूटी प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार नए डायरेक्टर की नियुक्ति के लिए 60 के करीब आवेदन आए हैं, जिनमें से 30 को शार्टलिस्ट किया गया है। अगले महीने तक पेक के स्थायी डायरेक्टर की नियुक्ति के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर से प्रोफेसर के रेगुलर पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। दिसंबर तक रेगुलर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
ट्रांसजेंडर भी कर सकेंगे आवेदन
पंजाब इंजीनियरिंग काॅलेज (पेक) में शिक्षकों की भर्ती के लिए नए नियमों को इस भर्ती में लागू करने का फैसला लिया गया है। असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति के लिए नेशनल एमटेक डिग्री के साथ ही एलिजिबिल्टी टेस्ट (नेट) या ग्रेजुएट एप्टीट्यूट टेस्ट (गेट) और पीएचडी डिग्री अनिवार्य कर दी गई है। बेहतर रिसर्च वर्क और अनुभव वाले कैंडिड्टेस को ही प्राथमिकता दी जाएगी। भर्ती में ट्रांसजेंडर भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष रहेगी। असिस्टेंट प्रोफेसर को मासिक 73,4500 रुपये वेतन मिलेगा। आवेदन डीन फैकल्टी अफेयर को ईमेल से भेजना होगा। केवल शार्टलिस्ट कैंडिडेट्स को ही इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अगस्त तक भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
इलेक्ट्रिकल विभाग में सबसे अधिक पद
पेक में होने जा रही असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती में लगभग सभी विभागों में नियुक्ति की जाएगी। इलेक्ट्रिकल विभाग में सबसे अधिक सात पदों पर नियुक्ति की जाएगी। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग और सिविल डिपार्टमेंट में पांच-पांच पदों पर असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त होंगे। एरोस्पेस इंजीनियरिंग (दो) इलेक्ट्रोनिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग (चार) मैकेनिकल इंजीनियरिंग (तीन) मेटलर्जिक एंड मेटिरियल इंजीनियरिंग (तीन) प्रोडेक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग (दो) एप्लाइड साइंसेंस एंड मैथेमेटिक्स (दो) और सेंटर फाॅर मैनेजमेंट एंड ह्यूमेनेटिज (तीन) पदों पर नियुक्ति होगी।