यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पंजाब में बिजली संकट पर AAP का प्रदर्शन, कैप्टन अमरिंदर सिंह का फार्म हाउस घेरा, भगवंत मान सहित 200 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज
पंजाब में बिजली संकट के बीच राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दल सड़क पर उतर आए हैं। आज आम आदमी ...और पढ़ें

जेएनएन, चंडीगढ़/मोहाली। पंजाब में बिजली की कमी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के आवास का घेराव करने गए आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। जब आप के कार्यकर्ता फिर भी नहीं रुके तो पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया और भगवंत मान व विपक्ष के नेता हरपाल चीमा सहित कई विधायकों और सीनियर नेताओं को हिरासत में ले लिया।
आप के कई कार्यकर्ताओं को चोटें भी आईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। आज सुबह से ही बद्दी सिसवां रोड पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी प्रधान भगवंत मान की अगुवाई में इकट्ठे हुए थे। पहले बिजली के मुद्दे को लेकर यहां एक रैली की गई जिसमें भगवंत मान ने कहा, ‘महलों में सो रहे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को पंजाब के पौने तीन करोड़ लोगों का दर्द सुनाने आए हैं, क्योंकि कैप्टन मुख्यमंत्री बनने के बाद केवल 6 बार ही पंजाब में गए हैं।’
मान ने कहा कि पंजाब के लोग देश भर में से सबसे महंगी बिजली 10 रुपये प्रति यूनिट खरीद रहे हैं, लेकिन लोगों को बिजली फिर भी नहीं मिल रही है। बल्कि भीषण गर्मी में अपने घरों और खेतों में धान की फसल लगाने का काम छोड़ सड़कों पर धरने देने दे रहे हैं। मान ने कहा कि अकालियों और कांग्रेसियों की मिलीभगत के बुरे नतीजे पंजाब वासी भुगत रहे हैं, क्योंकि अकालियों की सरकार के समय बादल परिवार ने प्राइवेट बिजली कंपनियों के साथ पंजाब विरोधी समझौते किये थे और अब कांग्रेसियों की सरकार ने यह घातक समझौते लागू किए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बादलों की सरकार के समय पंजाब विरोधी समझौतों पर हस्ताक्षर करने वाला अधिकारी ही आज कैप्टन का मुख्य सलाहकार है। अकाली दल बादल पर तीखे हमले करते भगवंत मान ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल रेत की खड्डों पर छापेमारी करने का नाटक कर रहे हैं, जबकि पंजाब में रेत माफिय़ा समेत हर तरह का माफिय़ा बादलों ने ही पैदा किया था।
विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब घातक समझौतों के कारण सूबे का सरकारी खजाना प्राइवेट बिजली कंपनियों को लुटवाया जा रहा है और इस लूट में कांग्रेसियों और अकालियों ने हिस्सा पत्ती वसूल की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने न तो चुनावी वादे पूरे किए हैं और न ही माफिय़ा राज ख़त्म किया, बल्कि आज भी पंजाब के लोग महंगी रेत, बजरी, बिजली, पेट्रोल और डीज़ल के कारण भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं।
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष की उप नेता सरवजीत कौर माणूंके, प्रिंसिपल बुद्धराम, मीत हेयर, प्रो. बलजिंदर कौर, कुलवंत सिंह पंडोरी, रुपिन्दर कौर रूबी, मास्टर बलदेव सिंह, मनजीत सिंह बिलासपुर (सभी विधायक), आप के सूबा महासचिव हरचंद सिंह बरसट, सचिव गगनदीप सिंह चड्ढा, खजांची नीना मित्तल, मनविंदर सिंह ग्यासपूरा समेत सीनियर नेता शामिल हुए।
भगवंत मान सहित 200 अज्ञात पर मामला दर्ज
आम आदमी पार्टी के बिजली कटों के विरोध में न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में किए गए प्रदर्शन के बाद मोहाली पुलिस ने पार्टी नेताओं व अज्ञात लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की ओर से संगरूर से संसद सदस्य भगवंत मान सहित आप विधायकों पर मामले दर्ज किए हैं। मोहाली पुलिस ने आप के नेता हरपाल सिंह चीमा, विधायक मीत हेयर, विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर, विधायक कुलवंत सिंह, विधायक मास्टर बलदेव, हलका इंचार्ज मोहाली नरेंद्र सिंह शेरगिल, मोहाली के जिला प्रधान परमिंदर सिंह, डा. सन्नी सिंह आहलूवालिया, जगदेव सिंह, अमनदीप सिंह रॉकी,गुरिंदर सिंह कैरो, हरीश कौशल, गुरमेल सिंह, सतबीर सिंह, नवजोत सिंह, कैप्टन हरदीप सिंह मांगट, सतविंदर सिंह सोही, गगनदीप सिंह चड्डा, जमील उल्ल रहमान, गोविंदर मित्तल, गुरविंदर सिंह के अलावा 200 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।
