कंटेनमेंट जोन में एंट्री करने से रोका तो कांस्टेबल को जड़ दिया थप्पड़
शुक्रवार देर रात जबरन घुसने की कोशिश करने वाले बाइक सवार को तैनात कांस्टेबल ने रोक लिया। इससे गुस्सा होकर आरोपित ने कांस्टेबल को थप्पड़ जड़ दिया।
चंडीगढ़, जेएनएन। कंटेनमेंट जोन बापूधाम में शुक्रवार देर रात जबरन घुसने की कोशिश करने वाले बाइक सवार को तैनात कांस्टेबल ने रोक लिया। इससे गुस्सा होकर आरोपित ने कांस्टेबल को थप्पड़ जड़ दिया। कांस्टेबल की शिकायत पर आरोपित संजय के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को शनिवार को कोर्ट ने जेल भेज दिया।
कांस्टेबल बापूधाम कॉलोनी के एंट्री प्वाइंट पर तैनात था। बापूधाम फेज-2 निवासी संजय बाइक से दूसरे जोन की तरफ जाना चाहता था। लेकिन प्रशासन के आदेशानुसार कंटेनमेंट जोन होने की वजह से कांस्टेबल ने उसे जाने से रोका। इससे गुस्सा होकर आरोपित कांस्टेबल के साथ मारपीट करने लगा। चौकी इंचार्ज ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
मास्क लगाए बिना घूमते सात काबू
लॉकडाउन-4 में छूट मिलने के बाद गैरजिम्मेदार लोगों की हरकतें सामने आने लगी हैं। हम कभी नहीं सुधरेंगे के नारे पर चलने वाले बिना मास्क पहने घूम रहे सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसएसपी नीलांबरी जगदले के सख्त निर्देशों के आधार पर सभी थाना पुलिस अपने-अपने एरिया में स्पेशल ड्राइव चला रही है। इसमें सेक्टर-39 और 36 थाना पुलिस ने दो-दो, सेक्टर-17, इंडस्ट्रियल एरिया और आइटीपार्क पुलिस ने एक-एक आरोपित गिरफ्तार किए हैं। तीन दिन में बिना मास्क पहनकर बाहर निकलने पर गिरफ्तार लोगों की संख्या 23 हो गई है। पहले दिन छह, दूसरे दिन 10 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। विभाग की एक आंतरिक रिपोर्ट के अनुसार मार्केट एरिया में शारीरिक दूरी और स्लम एरिया में लोग नाइट कफ्यरू के नियम तोड़ रहे है। जिसके बाद एसएसपी ने एसपी सिटी सहित तीनों डिवीजन के प्रभारियों को सख्त बरतने के निर्देश जारी किया है।