Jagran Impact : प्रशासक बदनाैर के आदेश पर पुलिस अवॉर्ड कार्यक्रम हुअा रद, डीजीपी से जवाब तलब
बीयर कंपनी ने 29 फरवरी को होने वाले पुलिस अवॉर्ड कार्यक्रम को रद कर दिया है। यह फैसला प्रशासक के आदेश पर डीजीपी की ओर से लिया गया है।
चंडीगढ़, [राजेश ढल्ल]। बीयर कंपनी ने 29 फरवरी को होने वाले पुलिस अवॉर्ड कार्यक्रम को रद कर दिया है। यह फैसला प्रशासक के आदेश पर डीजीपी की ओर से लिया गया है। हालांकि पुलिस विभाग के पीआरओ की ओर से जारी मैसेज में कहा गया है कि प्रशासनिक कारणों से कार्यक्रम को स्थगित किया गया है, लेकिन कार्यक्रम की अगली तारीख नहीं बताई गई है।
गाैरतलब है कि बीयर कंपनी के कार्यक्रम काे लेकर शहर में जगह-जगह लगाए गए होर्डिंग्स बोर्ड से पुलिस विभाग की लगातार किरकरी हो रही थी। होर्डिंग्स बोर्ड भी पिछले एक सप्ताह से शहर में नगर निगम की बिना मंजूरी पत्र के लगे हुए थे। नगर निगम ने भी इस कार्यक्रम के लिए पुलिस विभाग पर पूरी मेहरबानी दिखाते हुए बुधवार को निशुल्क ही मंजूरी दे दी थी। यहां तक कि इस कार्यक्रम के शहर भर में अधिकारियों और प्रतिष्ठित लोगों को निमंत्रण कार्ड भी बांट दिए गए थे।
सलाहकार मनोज परिदा ने निशुल्क होर्डिंग्स बोर्ड की मंजूरी लेने के मामले में जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन का मानना है कि जब कार्यक्रम कंपनी की ओर से करवाया जा रहा है तो फिर पुलिस ने क्यों बोर्ड लगाने की मंजूरी खुद ली। प्रशासक ने बीयर कंपनी से अवॉर्ड कार्यक्रम करवाने पर डीजीपी से जवाब मांगा है। प्रशासक ने पुलिस अधिकारियों को कहा कि पुलिस कर्मचारियों को 15 अगस्त और 26 जनवरी को सम्मानित किया जाता है, ऐसे में पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित करने के लिए अलग से कार्यक्रम की क्या जरूरत है।
शहर से हटाए अवॉर्ड कार्यक्रम के होर्डिंग्स
बीयर कंपनी से सम्मानित होने के कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर भी चंडीगढ़ पुलिस की जमकर किरकिरी हो रही थी। पुलिस विभाग के पीआरओ एवं डीएसपी चरणजीत सिंह का कहना है कि अवॉर्ड कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।
29 फरवरी को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए जो शहर में होर्डिंग्स लगाए गए थे, वे हटा लिए गए हैं। नियम के अनुसार वी-1,2 और 3 रोड पर यह होर्डिग नहीं लग सकते हैं लेकिन नियमों को ताक पर रखकर शहर में यह प्रमोशन होर्डिंग्स लगे थे। बुधवार को भाजपा के पूर्व पार्षद सतिंदर सिंह इस मामले को लेकर डीजीपी को भी मिले थे जिसके बाद होर्डिंग्स पर लगे पुलिस विभाग के लोगो को हटा लिया गया था। होर्डिंग्स पर लगे पुलिस लोगो पर सफेद रंग की पर्ची लगा दी गई थी ताकि लोगो न दिखाई दे। पिछले एक सप्ताह के लगे होर्डिग पर नगर निगम चाहे तो बीयर कंपनी और पुलिस पर जुर्माना भी लगा सकता है।