किरण खेर को जितवाने के लिए अमित शाह के बाद आएंगे प्रधानमंत्री मोदी
सांसद किरण खेर को फिर से चुनाव जीतवाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ पीएम नरेंद्र मोदी खुद आएंगे।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़ : सांसद किरण खेर को फिर से चुनाव जितवाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ पीएम नरेंद्र मोदी खुद आएंगे। मालूम हो कि पिछले लोकसभा चुनाव में भी पीएम नरेंद्र मोदी ने सेक्टर-34 में खेर के समर्थन में रैली करने आए थे। इसेक साथ ही पार्टी हाईकमान ने सांसद किरण खेर को उम्मीदवार बनाने के बाद बुधवार को अजय जमवाल को चंडीगढ़ की कमान संभालने के लिए चंडीगढ़ बुला लिया है। वीरवार को जमवाल चंडीगढ़ पहुंचकर प्रचार की कमान संभाल लेंगे। ऐसे में नाराज नेताओं को मनाने और किरण खेर के लिए जीत की जमीन तैयार करने की रणनीति जमवाल बनाएंगे। जमवाल के पास भितरघात से निपटने का अच्छा अनुभव है। पांच मई को अमित शाह चंडीगढ़ में पन्ना प्रमुख का सम्मेलन करेंगे, जबकि 15 मई को पीएम नरेंद्र मोदी शहर में रैली करेंगे।
पीएम मोदी का शहर से विशेष लगाव
पीएम मोदी का शहर से विशेष लगाव रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में मतदान से पहले प्रधानमंत्री मोदी यहां पर आए थे। संगठन मंत्री रहते हुए पीएम मोदी पंचकूला में ही रहते थे। चंडीगढ़ के कई नेताओं को वह अच्छी तरह से जानते हैं।
पिछले चुनाव में जमवाल ने ही गुटबाजी के बीच खेर को जितवाया था
मालूम हो कि पिछले लोकसभा चुनाव में अजय जमवाल ही चंडीगढ़ और पंजाब के सगठन मंत्री थे। इस समय अजय जमवाल भाजपा के पूर्वोत्तर के क्षेत्रीय संगठन मंत्री के पद पर हैं। वहां की सभी सीटों के लिए लोकसभा चुनाव हो चुका है। इसलिए उन्हें अब यहां की जिम्मेदारी दी गई है। अजय जमवाल यहां के स्थानीय सगठन मंत्री दिनेश कुमार के साथ मिलकर सभी गतिविधयों पर नजर रखेंगे और उम्मीदवार किरण खेर के लिए रणनीति बनाएंगे। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में स्थानीय गुटबाजी के कारण ही भाजपा ने किरण खेर को टिकट दी थी। तब पार्टी कार्यकर्ताओं ने खेर का जमकर विरोध किया था। उस समय अजय जमवाल ने ही भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के बीच सहमित बनाकर उन्हें खेर की जीत सुनिश्चित की।
जमवाल के जागरूक करने पर ही टंडन और धवन ने खेर को जीतवाने के लिए प्रयास किया। इस समय धवन भाजपा को छोड़कर आप में शामिल हो गए हैं। अजय जमवाल शहर के नेता और कार्यकर्ता को भलि भांति जानते हैं। हर किसी से उनके संबंध है। एमसी चुनाव के समय शाह आए थे शहर में इससे पहले नगर निगम चुनाव से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चंडीगढ़ में कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देने के लिए आए थे। उस समय सेक्टर-27 के रामलीला ग्राउंड में बूथ समिति सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जबकि उस चुनाव में नोटबंदी लागू होने के बावजूद भाजपा ने नगर निगम पर कब्जा कर लिया था। उस समय 26 में से 20 पार्षदों ने सीट जीतकर अपना परचम लहराया था। जबकि कांग्रेस पार्टी सिर्फ 4 सीटों तक ही सिमट गई थी।