17 माह बाद पीजीआइ में शुरू हुई फिजिकल ओपीडी, पहले दिन 3,942 मरीज पहुंचे
पीजीआइ में वॉक इन फिजिकल ओपीडी की शुरुआत करीब 17 माह बाद सोमवार से हुई।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : पीजीआइ में वॉक इन फिजिकल ओपीडी की शुरुआत करीब 17 माह बाद सोमवार से हुई। कोरोना महामारी के चलते पीजीआइ में वॉक इन ओपीडी पर प्रतिबंध लगाया गया था। भारत बंद के बावजूद पहले दिन पीजीआइ के न्यू ओपीडी ब्लॉक में 3,942 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इससे पहले पीजीआइ के डीडीए कुमार गौरव ने सुबह आठ बजे न्यू ओपीडी ब्लॉक में मरीजों के रजिस्ट्रेशन से लेकर बाकी बंदोबस्त का जायजा लिया। कुल 5,288 मरीजों को ओपीडी में देखा गया। इसमें 1,346 मरीजों का इलाज टेली कंसल्टेशन के जरिए किया गया।
मरीजों के रजिस्ट्रेशन के लिए बनाई गए थे 12 काउंटर
पीजीआइ में शुरू हुई वॉक इन ओपीडी रजिस्ट्रेशन के लिए 12 काउंटर बनाए गए हैं। इन 12 काउंटर पर अलग-अलग विभाग के डाक्टरों से परामर्श के लिए रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। सुबह 9.15 से 11 बजे के बीच मरीजों का ओपीडी का रजिस्ट्रेशन किया गया। कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए पीजीआइ अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों के बैठने के लिए न्यू ओपीडी ब्लॉक में सीटिग एरिया में कुर्सियों का इंतजाम किया गया था। इसके अलावा हर काउंटर पर मरीजों की लाइन लगवाकर रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा था। ऑनलाइन भी करा सकते हैं ओपीडी का रजिस्ट्रेशन
लोग चाहें तो पीजीआइ की ऑनलाइन सेवा का भी लाभ उठा सकते हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने पर पहले हर विभाग की ओपीडी में केवल 30 मरीजों को देखा जा रहा था। अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए हर ओपीडी में 50 मरीजों को देखा जाएगा। इसके अलावा ऑप्थोलमोलॉजी, हेप्टालॉजी और इंटरनल मेडिसिन विभाग की ओपीडी के लिए 100-100 लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। टेली कंसल्टेशन के जरिए भी इलाज करा सकते हैं
पीजीआइ ने दूसरी लहर के चलते 20 अप्रैल से टेली कंसल्टेशन सर्विस शुरू की गई थी। ये सुविधा यूं ही जारी रहेगी। जो लोग दूरदराज क्षेत्रों में रहते हैं और पीजीआइ से इलाज कराना चाहते हैं। उनके लिए टेलीकंसल्टेशन सर्विस जारी रहेगी। लोग 0172-275991 पर संपर्क कर टेली कंसल्टेशन सेवा का लाभ उठा सकते हैं। टेली कंसल्टेशन सर्विस के लिए लोगों को नंबर पर सुबह 8 से 9 बजे के बीच अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा।