PGI के एडवांस्ड आई सेंटर की OPD होगी शिफ्ट, 22 सितंबर से अगले आदेश तक जानें कहां होगा इलाज
पीजीआई चंडीगढ़ के एडवांस्ड आई सेंटर की वॉक-इन ओपीडी 22 सितंबर से न्यू ओपीडी ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर शिफ्ट ...और पढ़ें

एडवांस्ड आई सेंटर की ओपीडी न्यू ओपीडी ब्लाॅक की तीसरी मंजिल पर संचालित होगी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
वॉक-इन ओपीडी 22 सितंबर से न्यू ओपीडी ब्लॉक में शिफ्ट।
फायर सेफ्टी कार्य के कारण एडवांस्ड आई सेंटर में बदलाव।
इमरजेंसी व स्पेशल क्लीनिक एडवांस्ड आई सेंटर में ही रहेंगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पीजीआई के एडवांस्ड आई सेंटर में फायर सेफ्टी से जुड़े कार्य के चलते आंखों के मरीजों के लिए वाॅक-इन ओपीडी का स्थान बदल दिया गया है।
22 सितंबर से अगले आदेश तक वाॅक-इन ओपीडी न्यू ओपीडी ब्लाॅक की तीसरी मंजिल पर संचालित होगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यहां कमरा नंबर 3094 से 3105 में मरीजों की जांच और उपचार किया जाएगा।
एडवांस्ड आई सेंटर के दूसरे स्तर पर फायर सेफ्टी कंप्लायंस का काम किया जा रहा है। इसके चलते वाॅक-इन ओपीडी को अस्थायी रूप से न्यू ओपीडी ब्लाॅक में शिफ्ट किया गया है।
नए मरीजों के लिए नया कार्ड बनवाने और पुराने मरीजों के वाक-इन ओपीडी में आने पर रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था न्यू ओपीडी ब्लाक के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित रजिस्ट्रेशन काउंटर्स पर की गई है।
आंखों से संबंधित इमरजेंसी मरीजों को किसी दूसरे स्थान पर जाने की जरूरत नहीं होगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आई इमरजेंसी में आने वाले मरीजों का रजिस्ट्रेशन और जांच केवल एडवांस्ड आई सेंटर में ही की जाएगी।
स्पेशल क्लीनिक भी यहीं चलेंगी
रेटिना, कार्निया, ऑक्यूलोप्लाॅस्टिक्स, रेटिनोब्लाॅस्टोमा, ग्लूकोमा, पीडियाट्रिक ऑप्थैल्मोलाॅजी और न्यूरो-ऑप्थैल्मोलाॅजी समेत आंखों की सभी स्पेशल क्लीनिक एडवांस्ड आई सेंटर में ही संचालित होती रहेंगी।
इन क्लीनिकों के लिए रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी पहले की तरह एडवांस्ड आई सेंटर में ही रहेगी। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों से अपील की है कि 22 सितंबर से वाॅक-इन ओपीडी के लिए न्यू ओपीडी ब्लॉक में पहुंचें और रजिस्ट्रेशन के लिए निर्धारित काउंटर्स का इस्तेमाल करें।
