चंडीगढ़ PGI में कार्ड बनाने को लेकर हंगामा, महिला हाॅस्पिटल अटेंडेंट और सिक्योरिटी में तू-तू, मैं-मैं
चंडीगढ़ पीजीआई की न्यू ओपीडी में शनिवार को कार्ड बनवाने को लेकर एक महिला हॉस्पिटल अटेंडेंट और सिक्योरिटी गार्ड के ...और पढ़ें
HighLights
पीजीआई न्यू ओपीडी में कार्ड बनवाने पर विवाद।
महिला अटेंडेंट और सिक्योरिटी गार्ड के बीच बहस।
शनिवार को कार्ड बनाने की समय-सीमा पर हंगामा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पीजीआई की न्यू ओपीडी में शनिवार सुबह कार्ड बनवाने को लेकर हंगामा हो गया। पांचवीं मंजिल पर स्थित स्क्रीन विभाग के कार्ड काउंटर पर एक महिला हाॅस्पिटल अटेंडेंट और सिक्योरिटी गार्ड के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थिति को संभालने के लिए अन्य सिक्योरिटी गार्ड भी वहां पहुंचे। बाद में महिला का कार्ड बनाया गया। जानकारी के अनुसार, पीजीआई में सामान्य दिनों में सुबह 11 बजे तक कार्ड बनाए जाते हैं, जबकि शनिवार को हाफ डे के चलते व्यवस्था के कारण कार्ड बनाने का समय सुबह 10:30 बजे तक निर्धारित है।
शनिवार सुबह महिला हाॅस्पिटल अटेंडेंट कार्ड बनवाने के लिए काउंटर पर लगी लाइन में खड़ी थी। इसी दौरान करीब 10:30 बजे सिक्योरिटी गार्ड ने समय समाप्त होने का हवाला देते हुए उसे लाइन से हटने के लिए कहा। इस बात को लेकर महिला और सिक्योरिटी गार्ड के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आसपास मौजूद लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। स्थिति बिगड़ती देख अन्य सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचे और मामले को संभालने का प्रयास किया। विवाद के बाद महिला का कार्ड बनाया गया।
हालांकि, इस दौरान कार्ड काउंटर पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पीजीआई की न्यू ओपीडी में मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों की भीड़ के बीच कार्ड बनाने की समय-सीमा को लेकर पहले से स्पष्ट जानकारी होना जरूरी है, ताकि अंतिम समय में इस तरह की स्थिति पैदा न हो।
