13 माह में पेट्रोल 27 और डीजल 25 रुपये हुआ महंगा
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को सेक्टर-21 में दो पेट्रोल पंपों के सामने देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को सेक्टर-21 में दो पेट्रोल पंपों के सामने, देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की ने कहा कि यह विरोध-प्रदर्शन कांग्रेस पार्टी के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का एक हिस्सा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हर दिन की बढ़ोतरी के खिलाफ है और अब यह बढ़ोतरी रोज नई ऊंचाइयों को छू रही है। पिछले 13 माह में पेट्रोल 27 रुपये और डीजल 25 रुपये बढ़ गया है। इस दौरान 47 बार इनकी कीमत में वृद्धि की गई। प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस, एनएसयूआइ, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल और इंटक के कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने पेट्रोल पंपों के सामने एक मानव श्रृंखला बनाई और सभी प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए हुए थे और कीमतों की वृद्धि रोकने में विफल रहने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। प्रदर्शनकारियों में महिलाओं और छात्रों सहित बड़ी संख्या में राहगीर भी शामिल हुए। कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। बढ़ती कीमतों से आम आदमी परेशान है। मोदी सरकार की कुशासन की वजह से देश की अर्थव्यवस्था को झटका लगा है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और आम आदमी की समस्याओं के प्रति मोदी सरकार के उदासीन रवैये की आलोचना की।