पालतू कुत्ते को लेकर विवाद, सरकारी अधिकारी ने की गाली गलौच, मामला चंडीगढ़ पुलिस के पास पहुंचा
शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि वह परिवार के साथ सेक्टर-19 में रहती है। हर रोज सुबह एक व्यक्ति अपना पालतू कुत्ता लेकर उनके घर के मुख्य गेट के सामने पहुंच जाता है। वहां कुत्ता गंदगी करने लगा तो महिला ने इसका विरोध कर दिया।
कुलदीप शुक्ला, चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस के पास एक अनोखा मामला पहुंचा है। एक अधिकारी द्वारा अपने पालतू कुत्ते को बिना मुखौटा बाहर निकालने, गंदगी फैलाने सहित गाली-गलौच करने का आरोप लगा है। यह शिकायत चंडीगढ़ पुलिस विभाग के मुलाजिम की पत्नी ने पुलिस को दी है। यूटी पुलिस विभाग के मुलाजिम की पत्नी ने एक उक्त व्यक्ति के खिलाफ बिना मुखौटा पहनाए कुत्ता उनके घर के सामने घूमाने, घर के गेट के सामने गंदगी फैलाने के साथ विरोध करने पर गाली-गलौच करने की लिखित शिकायत पुलिस को दी है। मामले में सेक्टर-19 थाना पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार कुत्ते का मालिक सरकारी विभाग का अधिकारी है।
शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि वह परिवार के साथ सेक्टर-19 में रहती है। हर रोज सुबह एक व्यक्ति अपना पालतू कुत्ता लेकर उनके घर के मुख्य गेट के सामने पहुंच जाता है। वहां कुत्ता गंदगी करने लगा तो महिला ने इसका विरोध कर दिया। आरोप है कि कुत्ते के मालिक ने गाली-गलौच भी की। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपित व्यक्ति अकसर सुबह कुत्ते को बिना मुखौटा पहनाए बाहर लेकर घूमता है। इसकी वजह से कुत्ता किसी को काट सकता है। वहीं, गंदगी भी फैलाने का विरोध करने पर अनसुना करता है। महिला ने कहा कि कुत्ता मालिक कहां रहता है इसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है।
शिकायतकर्ता बोली - सामने आने पर पहचान लेगे
सेक्टर-19 थाना पुलिस के अनुसार विभाग के पुलिस मुलाजिम परिवार की तरफ से मामले में शिकायत मिली है। लेकिन शिकायतकर्ता महिला के अनुसार वह उक्त व्यक्ति (कुत्ते के मालिक) को जानती नहीं है। उसका घर कहां है यह भी उसे जानकारी नहीं है। महिला का दावा है कि सामने आने पर उस व्यक्ति को पहचान कर लेगी। अब पुलिस मामले की जांच में लगी है।