कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ चालान पेश
738 पेजों सप्लीमेंटरी चालान में बनाए 20 गवाह।
चंडीगढ़ : एचसीएस ज्युडिशियल पेपर लीक मामले में एसआईटी ने वीरवार को जिला अदालत में सप्लीमेंटरी चालान पेश किया है। कांग्रेसी नेता सुनील चोपड़ा उर्फ टीटू, कुलदीप और आयुषी के खिलाफ पेश किए गए 738 पेजों के चालान में करीब 20 गवाह बनाए हैं। पुलिस ने इन तीनों पर आईपीसी की धारा 409, 420, 120बी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 8, 9, 13 (1) (डी) आर/डब्ल्यू 13 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में एसआइटी मुख्य आरोपित सुनीता के खिलाफ पहले ही चालान पेश कर सकती है, जिसमें पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व रजिस्ट्रार बलविंदर शर्मा और सुशीला को भी शामिल किया गया है। यह मामला कुछ समय से काफी चर्चा में है। ं यह है मामला : पिजोंर की महिला ने दायर की थी याचिका
एचसीएस ज्युडिशियल पेपर लीक मामले में पिंजौर की रहने वाली सुमन ने एडवोकेट मंजीत सिंह के जरिए याचिका दायर कर कहा था कि हरियाणा ने एचसीएस ज्यूडिशियल के 109 पदों के लिए आवेदन मागे थे। उसमें उसने भी आवेदन किया था। जब उसने तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर ज्वाइन किया तो वहां उसकी दोस्ती सुशीला से हो गई। सुशीला ने गलती से याची को एक ऐसी ऑडियो क्लिप भेज दी। जिसमें वह अन्य लड़की से डेढ़ करोड़ में नियुक्ति की बात कर रही थी। उस क्लिप से उसे पेपर लीक होने के बारे में पता चला। सुशीला ने याचिकाकर्ता को छह सवाल भी बताए जो परीक्षा में आने थे। पेपर होने के बाद सभी सवाल याची ने पेपर में देखे। उसके बाद मामले की शिकायत दी गई।