विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में देश के सबसे ऊंचे रावण के पुतले का दहन, विदेश में बैठे भारतीयों ने दोस्तों और परिवार संग देखा लाइव

Published: Tue, 20 Oct 2026 07:04 PM (IST)

ट्राईसिटी में दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसमें पंचकूला में देश के सबसे ऊंचे 221 फीट के रावण का ...और पढ़ें

HighLights

  1. ट्राईसिटी में 150 से अधिक स्थानों पर दशहरा उत्सव मनाया।

  2. चंडीगढ़ में 106 फीट और मोहाली में 100 फीट के पुतले का दहन।

  3. नशामुक्त समाज और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा मंगलवार को ट्राईसिटी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। देश के सबसे ऊंचे 221 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन पंचकूला सेक्टर-5 के शालीमार ग्राउंड में हुआ, जिसका लाइव विदेश में रह रहे भारतीयों ने भी देखा। वे इंटरनेट मीडिया के जरिये अपने देश की संस्कृति से जुड़े। आयोजकों ने 50 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा किया।

ट्राईसिटी में करीब 150 स्थानों पर दशहरा उत्सव मनाया गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में 106 फीट और मोहाली के सेक्टर-79 में 100 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन हुआ। कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का भी दहन हुआ।

चंडीगढ़ में आयोजकों ने लोगों को नशे से दूर रहने और चंडीगढ़ को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल पर जोर दिया गया। नशा रूपी पुतले का दहन रावण दहन से पहले किया गया।

पंचकूला में हरियाणा के राज्यपाल और चंडीगढ़ में प्रशासक ने दबाया रिमोट

पंचकूला शालीमार ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने रिमोट दबाकर रावण के पुतले का दहन किया। यहां वरिष्ठ संघ प्रचारक प्रेम जी गोयल मुख्य अतिथि रहे। हरियाणवीं गायक तेजपाल ने गानों से लोगों का खूब मनोरंजन किया।चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने रिमोट कंट्रोल दबाया।

रथ यात्रा के बाद हुआ रावण वध का मंचन

रावण दहन से पहले विभिन्न रामलीला कमेटियों के कलाकारों ने रथ यात्राएं निकालीं। यात्राएं बाजारों से होते हुए दहन स्थलों तक पहुंचीं। यहां भगवान श्रीराम और रावण के बीच संवाद के बाद युद्ध का मंचन किया गया। अंत में श्रीराम के हाथों रावण वध के दृश्य के साथ पुतलों का दहन हुआ। जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

दो हस्तियों को मिला चंडीगढ़ रत्न

सेक्टर-46 में आयोजित दशहरा समारोह में इस वर्ष दो विशिष्ट व्यक्तियों को चंडीगढ़ रत्न सम्मान से नवाजा गया। सम्मान पाने वालों में महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रदीप सिंह वालिया और इंजीनियरिंग विभाग के सब डिवीजनल इंजीनियर सरबन सिंह शामिल रहे।

आयोजन के माध्यम से सामाजिक योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित करने के साथ लोगों को बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया।

कनाडा में वीडियो कॉल, बोली-वेख लै दुनिया दा सबतो बड्डा रावण

दहन से पहले ही दशानन के साथ सेल्फी लेने और उसे मोबाइल में कैद करने की होड़ मची थी। कई लोग वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर साझा कर रहे थे, तो कुछ वीडियो काॅल के जरिए दूर बैठे अपने परिचितों को भी रावण दिखा रहे थे।

शालीमार ग्राउंड में पहुंची पंजाब से परिवार संग पहुंची एक युवती ने कनाडा में रह रही अपनी सहेली को वीडियो काॅल कर कहा कि वेख लै दुनिया दा सबतो बड्डा रावण।

दूसरे राज्यों से भी पहुंचे लोग

शालीमार ग्राउंड में पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली के साथ अन्य शहरों और राज्यों से भी लोग पहुंचे। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और जम्मू से भी बड़ी संख्या में आए लोगों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल थे।  समारोह स्थल के बाहर सैकड़ों दुकानें व खाने पीने के स्टाल लगाए थे।