पंचकूला में 6 माह के बच्चे से लेकर 81 वर्ष के बुजुर्ग हुए गुम, पुलिस ने 343 को ढूंढ निकाला; अपनों से मिलवाया
पंचकूला पुलिस ने इस वर्ष 20 सितंबर तक 343 लापता लोगों को ढूंढकर उनके परिवारों से सुरक्षित मिलवाया है। इनमें ...और पढ़ें

लापता महिला का सुरक्षित घरवालों को सौंपती पुलिस।
HighLights
343 लापता लोगों को ढूंढकर परिवारों से मिलवाया।
263 महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित घर पहुंची।
तकनीकी सहायता और अंतरराज्यीय खोजबीन से सफलता।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला में 6 माह के बच्चे से लेकर 81 वर्षीय बुजुर्ग तक गुम हुए हैं। अच्छी बात यह है कि पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी को सही तरीके से निभाते हुए इस वर्ष 20 सितंबर तक 343 लापता को ढूंढ निकाला और उनके परिवार से सुरक्षित मिलवाया
इनमें 18 वर्ष से कम आयु के 117 बच्चे शामिल हैं। सभी आयु वर्गों में मिलाए गए लोगों में 80 पुरुष और बच्चाें के अलावा 263 महिलाएं और लड़कियां शामिल हैं। थाना एवं चौकी स्तर की पुलिस टीमें, साइबर सेल, ईआरवी, दुर्गा शक्ति की टीमें और फील्ड में तैनात पुलिसकर्मी इस कार्य के लिए तत्पर रहते हैं।
डीसीपी पंचकूला अदिति सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर पूछताछ, सार्वजनिक स्थानों पर तलाश और उपलब्ध सूचनाओं का विश्लेषण करते हुए गुमशुदा लोगों का पता लगाया।
कई मामलों में गुमशुदा व्यक्ति पंचकूला से निकलकर उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और राजस्थान सहित दूसरे राज्यों तक पहुंच गए थे। पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए ऐसे लोगों का पता लगाया तथा उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया।
डीसीपी ने आगे बताया कि कई मामलों में छोटे बच्चे, बुजुर्ग अथवा अन्य व्यक्ति अपना नाम, पता या परिवार के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं थे। ऐसे मामलों में पुलिस टीमों ने व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से सूचना साझा करने, तकनीकी संसाधनों, स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और फील्ड में लगातार भ्रमण जैसे माध्यमों का इस्तेमाल किया।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस की टीमों ने 6 माह के मासूम बच्चे से लेकर 81 वर्ष के बुजुर्ग तक को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलवाया है। यदि कहीं कोई लापता अथवा भटका हुआ बच्चा, महिला, बुजुर्ग या अन्य व्यक्ति दिखाई देता है तो उसे अकेला छोड़ने के बजाय तुरंत डायल-112, नजदीकी थाना या चौकी को सूचना दें।
