पंचकूला अलिफ लैला क्लब फायरिंग मामला: मुख्य आरोपी गुरप्रीत काकू मोहाली से गिरफ्तार, हथियार बरामद
पंचकूला के अलिफ लैला नाइट क्लब फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू को मोहाली के खरड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है।
-1789667273543_m.webp)
पंचकूला अलिफ लैला क्लब फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी गुरप्रीत काकू गिरफ्तार। फोटो जागरण
HighLights
अलिफ लैला क्लब फायरिंग का मुख्य आरोपी गुरप्रीत काकू गिरफ्तार।
पुलिस ने जिगाना पिस्टल, कारतूस और एक्सयूवी 500 बरामद की।
अवैध हथियारों की सप्लाई चेन पर गहन पूछताछ जारी है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला नाइट क्लब में हुई फायरिंग के मामले में क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने इन्चार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में मामले के मुख्य आरोपित को मोहाली के खरड़ से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू, निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिफ अमरिंदर सिंह के अनुसार, इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए तीन अन्य आरोपितों लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत और करनजीत सिंह (सभी निवासी फिरोजपुर, पंजाब) को पहले ही 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया जा चुका है और उनसे गहन पूछताछ जारी है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपित गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू ने ही क्लब के अंदर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस टीम ने आरोपित को अदालत में पेश कर 6 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है।
रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई जिगाना पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस और भागने में प्रयोग की गई एक्सयूवी 500 गाड़ी सफलतापूर्वक बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपित से अवैध हथियारों की सप्लाई चेन और उसके नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
क्या था पूरा मामला
गत 13 सितंबर को पुलिस चौकी सेक्टर-10 पंचकूला को नाइट क्लब अलिफ लैला में फायरिंग होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और इस संबंध में थाना सेक्टर-5 में भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
