बॉर्डर पर रेंडम स्क्रीनिंग जारी रखने के आदेश
प्लान के तहत दी गई राहत को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने रिव्यू किया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : लॉकडाउन के बाद अनलॉक प्लान के तहत दी गई राहत को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने रिव्यू किया। उन्होंने कहा कि छूट का गलत फायदा नहीं उठाना चाहिए। यह शहर के सभी नागरिकों की स्वयं ही जिम्मेदारी है कि वह कोरोना से लड़ने के लिए फिजिकल डिस्टेंसिग और हाथ धोने का ख्याल रखें। बदनौर ने डीजीपी संजय बेनिवाल से कहा कि वह दूसरे राज्यों से लगती सीमा पर रेंडम स्क्रीनिग सुनिश्चित करें और आरोग्य सेतु एप भी चेक करें। तीनों अस्पतालों के प्रमुख को प्रशासक ने ओपीडी सुविधा को भी बढ़ाने के लिए कहा जिससे जो कई सप्ताह से ट्रीटमेंट का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें लाभ मिले। 132 में से 84 ने पूरा किया क्वारंटाइन पीरियड
प्रिसिपल सेक्रेटरी हेल्थ अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि चंडीगढ़ में 132 पैसेंजर विदेशों से वापस लौटे थे। जिनमें से 84 पैसेंजर अपना क्वारंटाइन पीरियड पूरा कर चुके हैं। जबकि 48 होटलों में रहकर इसे पूरा कर रहे हैं। घर जाने से पहले सभी के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। ट्रेन से आए 443 पैसेंजर्स को भी चंडीगढ़ पहुंचने पर स्क्रीन किया गया। फाइनेंस सेक्रेटरी एके सिन्हा ने कहा कि श्रमिक ट्रेन की मांग अब कम हुई है। हालांकि दो और ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। जिससे प्रवासियों को उनके मूल निवास तक पहुंचाया जा सके। स्पेशल जून ड्राइव चलेगी
नगर निगम कमिश्नर केके यादव ने बताया कि आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। नगर निगम मानसून ऑपरेशन के लिए तैयार है। शहर में जरूरी साफ-सफाई का काम पूरा किया जा रहा है। अब स्पेशल जून ड्राइव भी चलाई जाएगी। बापूधाम एरिया में रह रहे लोगों को सैलरी के लिए कोई परेशानी न हो, इसके लिए प्राइवेट इंप्लायर्स से बात की गई है।