विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab News: SYL समेत पंजाब के सभी मुद्दों पर बहस के लिए तैयार विपक्षी नेता, स्‍वीकारी CM मान की चुनौती

By Jagran NewsEdited By: Himani Sharma
Published: Mon, 09 Oct 2023 10:39 AM (GMT+05:30)

Punjab News विपक्षी नेता एसवाईएल समेत पंजाब के सभी मुद्दों पर बहस के लिए तैयार हो गए हैं। उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री ...और पढ़ें

विपक्षी नेताओं ने स्वीकारी सीएम की चुनौती (फाइल फोटो)
विपक्षी नेताओं ने स्वीकारी सीएम की चुनौती (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बाजवा ने कहा कि बहस में सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के जज भी होने चाहिए, जो सभी राजनीतिक दलों को मान्य हो।
  2. शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने एक्स पर लिखा कि उनको सीएम की चुनौती कबूल है।
  3. सुनील जाखड़ बोले- राज्य के हर मुद्दे पर बहस करने को तैयार हैं।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ः मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर सहित पंजाब के मुद्दों पर विपक्ष को बहस की चुनौती दी है। प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि वह बहस के लिए तैयार हैं।

बहस में होने चाहिए सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के जज- बाजवा

नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि अंतत: भगवंत मान ने यह मान लिया कि विधानसभा में स्वतंत्र बहस नहीं हो सकती। बाजवा ने कहा कि बहस में सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के जज भी होने चाहिए, जो सभी राजनीतिक दलों को मान्य हो। साथ ही मीडिया भी मौजूद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहस चंडीगढ़ में किसी ऑडिटोरियम में हो और इसका एजेंडा तय हो। बहस दो घंटे की हो और सभी को बोलने का बराबर समय मिले।

यह भी पढ़ें: SYL की खींचतान के बीच CM मान ने दी विपक्षी दलों को चुनौती, कहा- 'लाइव आकर करें पंजाब के मुद्दों पर चर्चा'

अक्सर मुद्दे से भटकाने के लिए ऐसी चर्चा छेड़ देते हैं- वड़िंग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में जब भी आपसे कोई सवाल पूछा गया या सलाह दी गई तो आप अक्सर मुद्दे से भटकाने के लिए ऐसी चर्चा छेड़ देते हैं। अच्छा होगा कि आप एसवाईएल के मुद्दे पर सभी दलों के नेताओं और किसान संगठनों से सार्थक चर्चा करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष और जनता सत्ताधारी पार्टी से सवाल पूछती है, लेकिन ‘बदलाव’ वाली सरकार विपक्ष से ही सवाल पूछती है।

सीएम की चुनौती कबूल- सुखबीर बादल

शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने एक्स पर लिखा कि उनको सीएम की चुनौती कबूल है। एक नवंबर दूर है। बहस के लिए वह 10 अक्टूबर को ही सीएम आवास पर आते हैं। वह घर के बाहर आकर उनसे जरूर मिलें। पंजाब के पानी और राज्य के सभी मुद्दों पर करेंगे सीधी बातचीत वो भी सारे मीडिया के सामने। सुखबीर ने कहा कि मान पंजाब के असली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी बहस के लिए वहां पर बुला लें।

यह भी पढ़ें: Punjab: एक बार फिर नाकाम हुई पाक की घुसपैठ की कोशिश, BSF के जवानों ने ड्रोन पर फायरिंग कर खदेड़ा सीमा से बाहर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान की चुनौती को स्वीकार करते हुए कहा कि वह राज्य के हर मुद्दे पर बहस करने को तैयार हैं। पहले वह यह बताएं कि आपने किस दबाव में आकर सुप्रीम कोर्ट में घुटने टेके। जाखड़ ने नए एजी द्वारा दिए बयान का हवाला देते कहा नए एजी पंजाब के हितों की रक्षा करने के बजाय अन्य राज्यों से बातचीत को उत्सुक दिख रहे हैं।