फेसबुक ऐड देखा और गंवा दिए 8.07 लाख रुपये, चंडीगढ़ में पुराना सिक्का बेचने के नाम पर ठगी
चंडीगढ़ में एक व्यक्ति से 'ओल्ड कॉइन कंपनी' में निवेश के नाम पर करीब 8.07 लाख रुपये की ठगी हुई ...और पढ़ें

ओल्ड कॉइन कंपनी में निवेश के नाम पर 8.07 लाख की ठगी, साइबर थाने में केस दर्ज। एआई जेनरेटेड तस्वीर।
HighLights
चंडीगढ़ में ओल्ड कॉइन निवेश के नाम पर ठगी।
फेसबुक विज्ञापन के जरिए फंसाकर 8 लाख लूटे।
साइबर क्राइम थाना, सेक्टर-17 में मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। ओल्ड कॉइन कंपनी में निवेश कर कमाई करने का झांसा देकर चंडीगढ़ के एक व्यक्ति से करीब 8.07 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है।
शिकायतकर्ता शिव करण सिंह की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना, सेक्टर-17 में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने फेसबुक पर विज्ञापन के जरिए संपर्क किया और बाद में कंपनी का सर्टिफिकेट बनवाने, सिक्योरिटी फीस तथा अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग रकम जमा करवाई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर को फेसबुक पर ओल्ड कॉइन से संबंधित विज्ञापन देखने के बाद उसने उसमें दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान उसे बताया गया कि कंपनी में निवेश करने और कंपनी का सर्टिफिकेट बनवाने के लिए पहले रकम जमा करनी होगी। इसके बाद उससे अलग-अलग चरणों में पैसे मांगे गए।
शिकायत के मुताबिक, पहले कंपनी का कार्ड बनाने के नाम पर 720 रुपये मांगे गए, जिनमें से 700 रुपये जमा कराने की बात कही गई। इसके बाद कंपनी के खाते में रकम भेजने, इनकम टैक्स क्लीयरेंस, रिटर्न फाइलिंग और सिक्योरिटी फीस के नाम पर और पैसे मांगे गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे कंपनी के सर्टिफिकेट और सिक्योरिटी रसीद बनवाने का भरोसा भी दिया गया।
पार्सल और कस्टम के नाम पर भी मांगे पैसे
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में कंपनी के एमडी से बातचीत कराने और पार्सल के माध्यम से नकदी भेजने की बात कही गई। शिकायतकर्ता को बताया गया कि पार्सल एयरपोर्ट पहुंचने पर कस्टम में फंस गया है और उसे छुड़ाने के लिए सिक्योरिटी मनी देनी होगी। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों और वॉट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क कर उससे और रकम ली गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उससे कुल करीब 8,07,049 रुपये लिए गए। काफी समय तक रकम वापस नहीं मिलने पर उसे ठगी का संदेह हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।
साइबर क्राइम थाना कर रहा जांच
पुलिस दस्तावेज के अनुसार, शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना, सेक्टर-17 में 21 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
