एक नंबर के दो पासपोर्ट, एनआरआइ को काटनी पड़ी जेल
पंजाब क एक व्यक्ति के पासपोर्ट के नंबर पर फर्जीवाड़ा कर दूसरा पासपोर्ट जारी कर दिया गया। इस वजह से उसे दुबई में जेल काटनी पड़ी। विदेश मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद वह छूट सका।
जेएनएन, चंडीगढ़। ट्रेवल एजेंटों की ठगी के शिकार कई पंजाबी विदेशों में फंसे हैं लेकिन जाली पासपोर्ट के चक्कर में एक एनआरआइ को दुबई में जेल काटनी पड़ी। उनके पासपोर्ट क नंबर पर ही दूसरा पासपोर्ट भी जारी किया गया था। जिस व्यक्ति के नाम पर दूसरा पासपोर्ट जारी हुआ था वह दुबई में हत्या का आरोपी है।
एनआरआइ अवतार सिंह ने बताया कि वह जिला शहीद भगत सिंह नगर तहसील बंगा के गांव गुणाचोर निवासी है। वह गत 25 जनवरी को न्यूयार्क से अमीरात एयरलाइंस के जरिये दुबई के रास्ते दिल्ली आ रहा था। इस दौरान दुबई में फ्लाइट में दो घंटे रुकना था।
उन्होंने बताया कि दुबई में बोर्डिंग के लिए अपनी टिकट दी तो अधिकारियों ने पासपोर्ट मांगा। पासपोर्ट लेने के बाद उन्हें सीआइडी के हवाले कर दिया। जब उन्होंने इस बारे में पूछा तो बताया गया कि इस पासपोर्ट के नंबर पर एक और पासपोर्ट जारी हुआ है। उसे दूसरा पासपोर्ट दिखाया भी जोकि जालंधर पासपोर्ट कार्यालय से जारी हुआ था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछने पर बताया गया कि दूसरे पासपोर्ट पर एक व्यक्ति दुबई आया था और वह यहां हत्या करके फरार हो गया है। उसकी लाख दलीलों के बाद भी उसे जेल भेज दिया गया। अवतार सिंह ने बताया कि जेल में जहां उसे रखा गया वहां 40 लोग आ सकते थे, पर 200 लोगों को ठूंस ठूंसकर रखा गया था। इनमें ज्यादातर भारतीय थे। निहायत ही घटिया प्रबंध होने के कारण सब बीमार थे। तीन दिन बाद मुझे भी बुखार हुआ तो अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
विदेश मंत्रालय के हस्तक्षेप पर छूटा
कुछ समय बाद अमेरिका से उनकी बेटी ने दुबई स्थित भारतीय दूतावास व नई दिल्ली में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को सूचित किया। विदेश मंत्रालय के हस्तक्षेप से 13 दिन बाद वह रिहा हुए।
----------
जाली पासपोर्ट पर दुबई गया आरोपी कत्ल कर लौटा था
अवतार सिंह ने जालंधर पासपोर्ट कार्यालय पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी फाइल चोरी करके किसी एजेंट ने उनका नंबर, जन्म की तारीख, घर का पता व अन्य जानकारियां लगाकर किसी अन्य व्यक्ति की फोटो चस्पा कर पासपोर्ट जारी करवा लिया। उक्त व्यक्ति 2007 में दुबई जाकर कत्ल करके रातोंरात भारत लौट आया था। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाए। इसके अलावा दुबई में बुरी हालत में फंसे हुए देशवासियों की भी खबर ली जाए व उन्हें मदद मुहैया कराई जाए।