यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 08, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चंडीगढ़ में एंट्री करने के लिए पास या परमिट की जरूरत नहीं, वेबसाइट पर करवानी होगी रजिस्ट्रेशन
इसके लिए केवल यूटी प्रशासन की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवानी होगी। एडवाइजर मनोज कुमार परिदा ने बुधवार को यह जानकारी दी।

चंडीगढ़, जेएनएन। किसी भी दूसरे शहर से आकर चंडीगढ़ में एंट्री के लिए किसी भी पास या परमिट की जरूरत नहीं है। इसके लिए केवल यूटी प्रशासन की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवानी होगी। एडवाइजर मनोज कुमार परिदा ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विजिटर्स वेबसाइट पर गलत विकल्प चुन रहे हैं। उसके बाद वे लंबित या अप्रूवल नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं।
एडवाइजर परिदा ने कहा कि चंडीगढ़ में कोई भी आ सकता है। शर्त केवल इतनी है कि उन्हें प्रशासन की वेबसाइट पर जानकारी देनी होगी। यह जानकारी इसलिए ली जा रही है ताकि प्रशासन के पास विजिटर का रिकॉर्ड रहे। इससे कोविड चेन ट्रेस करने में सहायता मिलेगी। यह जानकारी पास नहीं है और न ही कोई परमिट है।
यह केवल रजिस्ट्रेशन है। कोई भी व्यक्ति जो चंडीगढ़ आना चाहता है वह रजिस्ट्रेशन के बाद आ सकता है। वेबसाइट पर दिए पास के विकल्प को चुनकर कुछ लोग आवेदन कर रहे हैं। इसके बाद वह इसकी अप्रूवल का इंतजार करते रहते हैं। अप्रूवल न मिलने पर प्रशासन के अधिकारियों को शिकायत कर रहे हैं। जबकि अब प्रशासन ने पास विंडो बंद कर रखी है।
सीमित स्टाफ के साथ काम करने के निर्देश
चंडीगढ़ में पंजाब और हरियाणा के भी बहुत से ऑफिस हैं। इसी तरह से सेंट्रल ऑफिस हैं। कोविड चेन के बाद डीलक्स बिल्डिंग बंद होने पर चंडीगढ़ प्रशासन ने चंडीगढ़ में चल रहे सभी ऑफिस में सीमित स्टाफ के साथ काम करने के लिए कहा है। सिर्फ सरकारी ही नहीं निजी ऑफिस को भी इसकी सलाह दी गई है। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कहा है कि जरूरी होने पर ही पूरे स्टाफ को बुलाया जाए। निजी कंपनियां वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दें।
