नौ वर्षीय रिद्धिमा 'Aarogya Setu' App के लिए लोगों को कर रही जागरूक
केंद्र स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आरोग्य सेतु ऐप को लांच किया है जिससे अगर आपके आसपास कोई कोरोना वायरस से संक्रमित है तो मोबाइल में अलर्ट आने लगता है।
चंडीगढ़, [वैभव शर्मा]। कोरोना वायरस से लड़ी जा रही जंग में नौ वर्षीय रिद्धिमा मनचंदा भी अपना योगदान देने से पीछे नहीं है। रिद्धिमा न तो किसी को सेनिटाइजर बांट रही है और न ही मास्क, ना ही किसी को राशन दे रही है और ना ही किसी को आर्थिक मदद। उसके बावजूद रिद्धिमा का योगदान कम नहीं है।
केंद्र स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आरोग्य सेतु ऐप को लांच किया है जिससे अगर आपके आसपास कोई कोरोना वायरस से संक्रमित है तो मोबाइल में अलर्ट आने लगता है। केंद्र सरकार की इस मुहीम काे रिद्धिमा ने भी आगे बढ़ाने की ठान ली है। इस कड़ी में यह नौ वर्षीय बच्ची लोगों को आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने के लिए जागरूक कर रही है। रिद्धिमा अपने स्कूल के दोस्तों को फ़ोन करके आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करवा रही है। इसके अलावा वह अपने परिवार और रिश्तेदारोंं को भी ऐप डाउनलोड करने के लिए जागरूक कर रही है।
कोरोना वॉरियर्स को देख कर लिया फैसला
रिद्धिमा ने बताया कि आज जिस तरह से डॉक्टर, नर्स, सफ़ाई कर्मचारी, पुलिस और अन्य एनएसएस वालंटियर्स देश सेवा में लगे हुए हैं। इन सबको देख कर उन्हें भी अपना योगदान देने का मन हुआ। अपनी मां सोनिया मनचंदा के साथ सलाह मशवरा कर यह निर्णय लिया कि वह अपने सभी दोस्तों को आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए जागरूक करेगी।
'जय हो' मूवी की तरह बना रही है ह्यूमन चैन
काफी वर्ष पहले बॉलीवुड की एक मूवी आई थी जय हो जिसमें सलमान खान लोगों से थैंक यू ना कह कर तीन लोगों की मदद करने के लिए बोलते हैं। ठीक उसी प्रकार रिद्धिमा भी अपने दोस्तों को कॉल कर ऐप डाउनलोड करने के लिए तो जागरुक कर ही रही है, साथ ही उन्हें यह भी कह रही है कि वह आगे तीन लोगों को कहें कि वह इस ऐप को डाउनलोड करें।
लोगों के लिए बन रही मिसाल
इस छोटी लड़की का कोरोना से लड़ाई का जज़्बा सहारनीय है। अगर एक छोटी लड़की घर पर रहकर कोरोना से लड़ाई में अपना योगदान दे सकती है तो हम सब क्यों नहीं दे सकते। रिद्धिमा उन लोगों के लिए मिसाल है जो लाॅडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं।