New motor vehicle act: पुराने चालान पर भी नई दरों से वसूली, सरकार ने लगाई रोक
New motor vehicle act के तहत बढ़ाई गई जुर्माना राशि पुराने चालानों पर भी लागू करने से दुविधा बढ़ गई। कई जगह पुराने चालानों की भी नए रेट से वसूली की जाने लगी।
चंडीगढ़ [इन्द्रप्रीत सिंह़]। पंजाब में नए मोटर व्हीकल एक्ट (New motor vehicle act) के तहत बढ़ाई गई जुर्माना राशि पुराने चालानों पर भी लागू करने से शुक्रवार को राज्यभर में दुविधा बढ़ गई। गुरदासपुर के आरटीए द्वारा पुराने चालानों पर नई दरें वसूलने से लोगों के होश उड़ गए और इसका विरोध भी हुआ। इस दुविधा के कारण प्रिंसिपल सेक्रेटरी ट्रांसपोर्ट के. शिवा प्रसाद ने सभी पुराने चालानों पर नई दरें वसूलने पर रोक लगा दी है।
शिवा प्रसाद ने जागरण से बातचीत में बताया कि नई दरें केवल उन्हीं पर लगेंगी जिनका चालान नोटिफिकेशन जारी करने के बाद हुआ है। उन्होंने बताया कि सोमवार को नए सिरे से स्पष्टीकरण सभी संबंधित अधिकारियों को जारी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी कह रहे हैं कि नई दरें पुराने चालानों पर नहीं वसूली जा सकतीं, लेकिन गुरदासपुर के आरटीए बलदेव रंधावा का कहना था कि जो व्यक्ति चालान भुगतने के लिए आ रहा है उससे उस दिन जो कानून है उसी हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा। नोटिफिकेशन जारी होने की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को लोग चालान भुगतने पहुंचे तो उनसे नए नियमों के तहत जुर्माना देने को कहा गया। इसके बाद बहुत सारे लोग बिना जुर्माना भुगते ही लौट गए। उनके पास उतने पैसे थे ही नहीं। कई लोगों की नोकझोंक भी हुई। गुरदासपुर में आमतौर रोजाना करीब 70 चालान भुगते जाते हैैं, लेकिन शुक्रवार को 18 ही भुगते गए।
बढ़े हुए जुर्माने के साथ मोहाली में कटे 104 चालान
मोहाली शहर में ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को नए नियमों के तहत चालान काटे। कुछ रसूखदार लोग ट्रैफिक पुलिस से उलझते नजर आए, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। मोहाली में तीन जोन हैं जिनमें कुल 104 चालान काटे गए। इनमें ज्यादातर चालान जैब्रा क्रासिंग पार करना, रांग साइड ड्राइविंग, रेड लाइट जंप करना व सीट बेल्ट न लगाने के काटे गए हैं। मोहाली जोन-2 के इंचार्ज हरनेक सिंह ने बताया कि ज्यादातर लोगों को बढ़े हुए जुर्माने की जानकारी नहीं थी। इसी वजह से कुछ लोग पुलिस से बहस करने लगे। मोहाली के आरटीओ सुखविंदर कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जिले में जितने भी चालान काटे गए हैं उनका भुगतान चालक को बढ़े हुए जुर्माने के साथ करना होगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें