नेताजी जरा संभलकर: अब FB, Instagram, Twitter पर साइबर सेल की पैनी नजर
लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही सभी दलों के प्रत्याशी व समर्थक सोशल मीडिया पर अलग-अलग अकाउंट बनाकर तेजी से सक्रियता दिखा रहे हैं।
चंडीगढ़, [कुलदीप शुक्ला]। लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही सभी दलों के प्रत्याशी व समर्थक सोशल मीडिया पर अलग-अलग अकाउंट बनाकर तेजी से सक्रियता दिखा रहे हैं। चंडीगढ़ में बीजेपी व कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों ने भी फेसबुक, ट्विटर, वाट्सएप ग्रुप पर अपना काम और अपनी दावेदारी पेश करने में लग गए हैं। ऐसे में चुनाव आयोग द्वारा तय नियमों की उल्लघंना पर लगाम कसने पर चंडीगढ़ साइबर सेल ने विशेष तौर पर नजर रख ली है। साथ ही ट्राईसिटी पुलिस विभाग की एक विशेष साइबर टीम चुनाव में सट्टेबाजी सहित कानूनी नियमों के खिलाफ जाने वालों पर केस दर्ज करने को तैयार है।
चुनाव के दिनों में सोशल मीडिया हैंडल करने वाले ग्रुप एडमिन या समर्थकों द्वारा की गई एक गलती प्रत्याशी को मुश्किल में डाल देगी। बता दें कि शहर में सोशल मीडिया पर नेताओं की सक्रियता को देखते हुए प्रशासन ने भी पहली बार सोशल मीडिया मॉनीटरिंग के लिए आइटी सेल का गठन कर दिया है।
कांग्रेस-बीजेपी में प्रत्याशी पर मंथन, आप से हरमोहन धवन पर मुहर
चंडीगढ़ में कांग्रेस व भाजपा की ओर से प्रत्याशी के नाम पर असमंजस बरकरार चल रही है। कांग्रेस से पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू, पूर्व केंद्रीय मंत्री व शहर से चार बार सांसद रह चुके पवन कुमार बंसल और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने हाईकमान में दावेदारी पेश की है। जबकि भाजपा से वर्तमान सांसद किरण खेर, पूर्व सांसद सत्यपाल जैन और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने दावेदारी पेश की हैं। हालांकि, दोनों पार्टियों के हाईकमान ने अभी तक किसी भी दावेदार का टिकट कंफर्म नहीं किया है। जबकि आप से पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन को टिकट मिल चुकी है। सोशल मीडिया पर दोनों पार्टियों के सभी दावेदार जोरशोर से सक्रिय हो चुके हैं।
सोशल मीडिया कौन दावेदार कितना सक्रिय
फेसबुक पर वर्तमान सांसद किरण खेर सब पर भारी हैं। उनके फेसबुक पेज के 4 लाख 64 हजार 23 लाइक हैं। कांग्रेस से पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के फेसबुक पेज पर महज 68 हजार लाइक हैं। चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन 2 लाख 78 हजार लाइक के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, ट्विटर पर मनीष तिवारी सब पर भारी हैं। ट्विटर पर मनीष तिवारी के सबसे ज्यादा 2 लाख 99 हजार फॉलोअर्स हैं। सांसद किरण खेर उनसे कुछ ही पीछे हैं। किरण खेर के ट्विटर पर 2.83 लाख फॉलोअर्स हैं। खेर दूसरे नंबर पर हैं। हरमोहन धवन के ट्विटर पर 354 फॉलोअर्स हैं। जबकि पवन बंसल के ट्विटर पर 11 हजार 800 फॉलोअर्स हैं।
मानिटरिंग के लिए प्रशासन भी तैयार
नेताओं की सक्रियता को देखते हुए प्रशासन ने भी पहली बार सोशल मीडिया मॉनीटरिंग के लिए आइटी सेल का गठन कर दिया है। कोई भी ऐसा कंटेंट सोशल मीडिया पर न डले, जिससे आचार संहिता का उल्लंघन हो, यह टीम इस पर तीखी नजर रखे हुए है। कोई कार्यकर्ता भी अगर कोई आपत्तिजनक या विवादित कंटेंट पोस्ट करता है, तो उसको तुरंत हटाने की व्यवस्था भी की गई है।
ग्रुप बनाने से पहले एडमिन ध्यान दे
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर किसी भी तरह का ग्रुप बनाने वाले एडमिन को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। उनके ग्रुप में किसी भी तरह की उल्लघंना और आपत्तिजनक पोस्ट पर आरोपित के साथ ग्रुप एडमिन के खिलाफ भी केस दर्ज किया जाएगा। आइटी एक्ट-66 के अलावा गलत पोस्ट के आधार पर आरोपित के खिलाफ धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस का कहना है कि चुनाव के अलावा भी ग्रुप में किसी तरह की शिकायत पर एडमिन भी जिम्मेदार माना जाएगा।
चुनाव के दौरान सोशल मीडिया आपत्तिजनक पोस्ट, टिप्पणी व अपराध की श्रेणी में आने वाली हरकतों पर पैनी नजर रखने और कानूनी कार्रवाई लिए साइबर सेल अलर्ट हो चुकी है। वहीं, यूटी प्रशासन द्वारा पहली बार सोशल मीडिया मॉनीटरिंग के लिए गठित आइटी सेल सोशल की ओर से अपराध की श्रेणी में आने वाली पोस्ट पर शिकायत मिलने पर भी तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-रश्मि यादव, डीएसपी, साइबर सेल, चंडीगढ़