दिल्ली-NCR में सक्रिय नंदू गैंग के दो शूटर मोहाली में गिरफ्तार, किसे निशाना बनाने आए थे? पुलिस कर रही पूछताछ
मोहाली पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय नंदू गैंग के दो शूटरों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। वे मोरिंडा में ...और पढ़ें
HighLights
खरड़-कुराली रोड पर शिवजोत एन्क्लेव के पास नाके पर पकड़े।
अवैध हथियारों के साथ मोरिंडा में वारदात की थी तैयारी।
पंचकूला ट्रिपल मर्डर में भी नंदू गैंग का जुड़ा है नाम।
संदीप खत्री, मोहाली। दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के दो शूटरों को मोहाली पुलिस ने हथियारों समेत धर-दबोचा है। दोनों मोरिंडा में वारदात को अंजाम देने आए थे। थाना सिटी खरड़ में केस दर्ज किया गया है और पूछताछ की जा रही है कि किसे निशाना बनाने आए थे।
खरड़ सीआईए इंस्पेक्टर प्रदीप बजवा की टीम को सूचना मिली थी कि नंदू गैंग के दो शूटर मोरिंडा से खरड़ की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने खरड़-कुराली रोड पर शिवजोत एन्क्लेव के पास नाकाबंदी की।
हरियाणा नंबर की काले रंग की स्काॅर्पियो को रोककर उसमें सवार सोनीपत के गांव गोपालपुर निवासी गैंगस्टर अनीकेत छिकारा और पानीपत की हुडा काॅलोनी के रहने वाले गैंगस्टर ईशान को अवैध हथियारों समेत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने स्काॅर्पियो को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों से दो अत्याधुनिक हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों गैंगस्टर्स के खिलाफ हरियाणा और आसपास के इलाकों में हत्या, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत सात से ज्यादा केस दर्ज हैं।
मोरिंडा में फायरिंग के लिए की थी रेकी
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों शूटर मोरिंडा में फायरिंग की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। रेकी करने के बाद दोनों वापस खरड़ की तरफ आ रहे थे। खरड़ सीआईए दोनों से पूछताछ कर रही है कि मोरिंडा में किसके कहने पर फायरिंग की जानी थी, उनका निशाना कौन था और इस साजिश में गैंग के कौन-कौन से लोग शामिल हैं।
पंचकूला ट्रिपल मर्डर में भी आया था नंदू गैंग का नाम
कपिल सांगवान उर्फ नंदू नजफगढ़ दिल्ली-एनसीआर का कुख्यात गैंगस्टर है। पुलिस के मुताबिक वह इस समय विदेश में बैठकर अपने गैंग की गतिविधियां संचालित कर रहा है।
दिसंबर 2024 में पंचकूला के बुर्जकोटियां स्थित एक क्लब की पार्किंग के बाहर हुए ट्रिपल मर्डर में भी नंदू गैंग का नाम सामने आया था। यह वारदात नंदू गैंग और मंजीत महल गैंग के बीच चल रही गैंगवार से जुड़ी बताई गई थी।
इस वारदात में मंजीत महल गैंग से जुड़े अशोक गहलोत उर्फ प्रधान के भाई विनीत उर्फ विक्की, उसके भांजे तीर्थ और एक युवती की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी।
बाद में शूटरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच में सामने आया था कि यह हत्या नंदू गैंग और अशोक प्रधान के बीच चल रही दुश्मनी के चलते की गई थी और नंदू के कहने पर ही वारदात को अंजाम दिया गया था।
अब मोहाली में नंदू गैंग के दो शूटरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनके स्थानीय नेटवर्क, मोरिंडा में संभावित टारगेट और फायरिंग की साजिश से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
