विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ड्रीम डेब्यू: चंडीगढ़ की नंदिनी शर्मा ने डब्ल्यूपीएल में रचा इतिहास, दूसरे ही मुकाबले में ली हैट्रिक

Published: Sun, 11 Jan 2026 10:21 PM (IST)

चंडीगढ़ की नंदिनी शर्मा ने विमेन प्रीमियर लीग में अपने दूसरे मैच में इतिहास रच दिया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए ...और पढ़ें

चंडीगढ़ की नंदिनी शर्मा ने WPL में रचा इतिहास

चंडीगढ़ की नंदिनी शर्मा ने WPL में रचा इतिहास

HighLights

  1. WPL के दूसरे मुकाबले में नंदिनी शर्मा ने ली हैट्रिक

  2. दिल्ली कैपिटल्स की ओर से गुजरात जायंट्स के खिलाफ पांच विकेट झटके

  3. शानदार प्रदर्शन के बाद नंदिनी शर्मा ने पर्पल कैप हासिल की

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। बापूधाम कॉलोनी के एक साधारण परिवार से निकलकर चंडीगढ़ की नंदिनी शर्मा ने विमेन प्रीमियर लीग (WPL) में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

डब्ल्यूपीएल में अपने करियर के दूसरे ही मुकाबले में नंदिनी ने हैट्रिक लेकर न केवल रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराया, बल्कि देशभर के क्रिकेट प्रेमियों का दिल भी जीत लिया।

33 रन देकर झटके पांच विकेट 

रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए नंदिनी शर्मा ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ पारी के आखिरी ओवर में हैट्रिक ली। उन्होंने इस ओवर में चार खिलाड़ियों को आउट किया। नंदिनी ने चार ओवर के स्पेल में 33 रन देकर पांच विकेट झटक लिए। उन्होंने इसी मैच में सोफी डिवाइन को भी आउट कर शतक बनाने से रोका था।

पर्पल कैप पर किया कब्जा

इसके साथ ही नंदिनी ने पर्पल कैप भी हासिल कर लिया। पिछले मुकाबले में उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ दो विकेट लिए थे। नंदिनी दो मैचों में सात विकेट के साथ सर्वाधिक विकेट लेने वाली महिला गेंदबाजों की सूची में टॉप पर पहुंच गई हैं। उनके बाद अमेलिया कर और निकोला कैरी ने पांच-पांच विकेट लिए हैं।

आखिरी ओवर में ऐसे रचा इतिहास

  • 19.2 - चंडीगढ़ की ही काश्वी गौतम को हेनरी के हाथों कैच आउट किया
  • 19.4 - कनिका आहूजा को ली से स्टंप आउट करवाया
  • 19.5 - राजेश्वरी गायकवाड़ को बोल्ड किया
  • 19.6 - रेणुका सिंह को बोल्ड किया

हैट्रिक लेने वाली चौथी गेंदबाज

  • मुंबई इंडियंस की इजी वांग ने 2023 में यूपी के खिलाफ
  • यूपी वॉरियर्स की दीप्ति शर्मा ने 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ
  • यूपी वॉरियर्स की ग्रेस हैरिस ने 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ
  • दिल्ली कैपिटल्स की नंदिनी शर्मा ने 2026 में गुजरात जायंट्स के खिलाफ

मां और भाई ग्राउंड में थे मौजूद

नंदिनी शर्मा ने पारी कहा कि उनकी योजना स्टंप-टू-स्टंप लाइन में गेंदबाजी करने की थी। उन्होंने जेमिमा और शेफाली की सलाह को फॉलो किया। उन्होंने अंतिम ओवरों में वैरिएशन का इस्तेमाल किया, जो कारगर साबित हुआ। नंदिनी ने कहा कि उनकी मां, भाई और दोस्त स्टेडियम में मौजूद रहे, जिन्होंने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया।